यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार सबसे ज्यादा वोट किस मुद्दे पर पड़ेंगे? ताजा सर्वे में जनता ने बता दी अपनी पसंद
यूपी चुनाव 2027 में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा बन सकती है. वोट वाइब के सर्वे में लोगों ने रोजगार के बाद महंगाई और किसानों से जुड़े सवालों को प्राथमिकता दी है, लेकिन वोट डालते समय सबसे ज्यादा लोग किस बात को महत्व देते हैं? सर्वे के आंकड़ों में इसका जवाब भी सामने आया है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख भले ही अभी दूर हो, लेकिन राजनीतिक दलों के सामने मुद्दों की तलाश शुरू हो गई है. कोई कानून-व्यवस्था की बात कर रहा है तो कोई रोजगार, महंगाई और किसानों के सवाल उठा रहा है. सत्ता पक्ष अपने कामकाज को लेकर जनता के बीच जा रहा है तो विपक्ष भी सरकार को घेरने की तैयारी में है. इस सियासी माहौल में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 के चुनाव में आम वोटर के लिए सबसे बड़ा मुद्दा क्या रहने वाला है?
वोट वाइब (Vote Vibe) के ताजा सर्वे में इस सवाल का जवाब सामने आया है. सर्वे में लोगों से पूछा गया कि उनके हिसाब से अगले विधानसभा चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा क्या होगा? जवाब में बेरोजगारी सबसे ऊपर रही. इसके बाद महंगाई और किसानों से जुड़े मुद्दों का नंबर आया. सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि चुनाव में विकास और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े सवाल भी लोगों की प्राथमिकता में हैं.
बेरोजगारी सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा
वोट वाइब के सर्वे के मुताबिक, 26.5 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी को 2027 के विधानसभा चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बताया. इसका मतलब है कि सर्वे में शामिल हर चार में से करीब एक व्यक्ति ने रोजगार के सवाल को सबसे ऊपर रखा.
महंगाई और कीमतों में बढ़ोतरी को 16.3 फीसदी लोगों ने सबसे बड़ा मुद्दा माना. किसानों से जुड़े सवाल 11.3 फीसदी लोगों की प्राथमिकता में रहे. कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को 9.9 फीसदी लोगों ने अहम मुद्दा बताया. शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को 8.9 फीसदी लोगों ने सबसे महत्वपूर्ण माना. भ्रष्टाचार और राम मंदिर दान में चोरी से जुड़े विवाद को 8 फीसदी लोगों ने चुनावी मुद्दा बताया.

वोट डालते समय पार्टी की विचारधारा को ज्यादा महत्व
सर्वे में एक दूसरा सवाल भी पूछा गया कि वोट देते समय लोग सबसे ज्यादा किस बात को महत्व देते हैं? इसके जवाब में सबसे ज्यादा 24.8 फीसदी लोगों ने पार्टी की विचारधारा को चुना.
विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को 15.9 फीसदी लोगों ने प्राथमिकता दी. मुख्यमंत्री का चेहरा 15.3 फीसदी लोगों के लिए महत्वपूर्ण रहा. वहीं, 15.1 फीसदी लोगों ने उम्मीदवार की छवि और व्यक्तित्व को वोट देने का आधार बताया.

सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने या न मिलने को 7.7 फीसदी लोगों ने माना. जाति या धर्म को 5.7 फीसदी लोगों ने वोट देने का आधार बताया. प्रधानमंत्री का चेहरा 4.8 फीसदी लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण रहा. अन्य कारणों को भी 4.8 फीसदी लोगों ने चुना. राज्य सरकार के कामकाज को वोट देते समय सबसे ज्यादा महत्व देने वालों की संख्या 2.2 फीसदी रही. 3.7 फीसदी लोग इस सवाल पर कोई जवाब नहीं दे सके.
चुनाव में मुद्दे और वोट देने का आधार अलग-अलग
सर्वे के इन दोनों सवालों को साथ रखकर देखें तो एक बात सामने आती है. बेरोजगारी, महंगाई और किसानों से जुड़े सवाल लोगों की नजर में चुनाव के बड़े मुद्दे हैं, लेकिन वोट डालने का फैसला करते समय पार्टी की विचारधारा, विकास, मुख्यमंत्री का चेहरा और उम्मीदवार की छवि भी मायने रखते हैं.
8,339 लोगों से फोन पर लिया गया सर्वे
वोट वाइब ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सर्वे 13 नवंबर 2026 को जारी किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें पूरे उत्तर प्रदेश से 8,339 लोगों को शामिल किया गया. सर्वे टेलीफोन के माध्यम से किया गया है और इसकी मार्जिन ऑफ एरर प्लस-माइनस 3 फीसदी बताई गई है.
सर्वे चुनाव से पहले लोगों की मौजूदा राय और प्राथमिकताओं को सामने रखता है. चुनाव के दौरान राजनीतिक दल किन मुद्दों को कितना महत्व देते हैं और वोटर की प्राथमिकताओं में कितना बदलाव आता है, आगे की राजनीतिक गतिविधियों में सामने आएगा.
ये भी पढ़ें- यूपी का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? विधानसभा चुनाव से पहले हुए ताजा सर्वे ने चौंकाया
