अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संतों के विरोध पर पवन पांडे ने किया बड़ा दावा, बोले- 'हृदय से सभी संत सपा के साथ'
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे से पहले साधु-संतों के विरोध ने यूपी की सियासत गरमा दी है. इस बीच सपा नेता पवन पांडे ने दावा किया है कि संत बाहर से भले ही विरोध कर रहे हों, लेकिन दिल से वे अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के साथ हैं.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है और इसी बीच अयोध्या एक बार फिर से सियासत के केंद्र में आ गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करने का ऐलान किया है. लेकिन उनके इस दौरे को लेकर अयोध्या के साधु-संतों ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया है. संतों ने 1990 में कारसेवकों पर हुई फायरिंग के मुद्दे को उठाते हुए अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की है. इसी बीच, बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे के विवादित बयान ने आग में घी का काम किया है. संतों की नाराजगी और बढ़ते विरोध के बीच अयोध्या से सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे अखिलेश यादव के लिए ढाल बनकर खड़े हो गए हैं. पवन पांडे ने संतों के विरोध पर एक बड़ा दावा कर दिया है.
'मजबूरी में विरोध, दिल से सपा के साथ'
संतों के विरोध पर सफाई देते हुए पवन पांडे ने कहा कि अयोध्या में कोई भी संत या महंत अखिलेश यादव का विरोध नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा, "हम सभी पूज्य संत-महंतों का बहुत आदर और सम्मान करते हैं. वो हमारे लिए पूजनीय हैं." पवन पांडे ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि बाहर से विरोध करने वाले इन संतों की कुछ मजबूरियां रही होंगी, जिस कारण उन्हें ऐसा बोलना पड़ रहा है. लेकिन हृदय और आत्मा से सभी संत समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ हैं. उन्होंने दावा किया कि सभी संत चाहते हैं कि यूपी में सपा की सरकार बने और अखिलेश जी मुख्यमंत्री बनें.
कारसेवकों पर गोलीकांड पर सफाई
अयोध्या के संतों की मुख्य मांग यह है कि रामलला के दर्शन करने से पहले अखिलेश यादव कारसेवकों पर हुई फायरिंग के लिए माफी मांगें. इस मांग पर पवन पांडे ने अखिलेश यादव का बचाव करते हुए कहा, "अखिलेश जी ने न कभी कोई गोली चलाई है, न ही उन्होंने कभी किसी सनातनी का अपमान किया है और न ही उन्होंने कोई ऐसा काम किया है." उन्होंने सांसद सनातन पांडे के कारसेवकों पर दिए विवादित बयान से भी किनारा कर लिया और सिर्फ इतना कहा कि उनके नेता अखिलेश यादव अयोध्या आ रहे हैं और सभी संतों का आशीर्वाद उनके साथ है.
अखिलेश के दौरे के सियासी मायने
अखिलेश यादव का 12 दिसंबर को राम मंदिर जाना एक बहुत बड़ी सियासी घटना मानी जा रही है. विधानसभा चुनाव 2027 की जमीन तैयार हो रही है और सपा इसे बीजेपी के हिंदुत्व और तुष्टीकरण के आरोपों का कड़ा जवाब देने के तौर पर देख रही है. अखिलेश यादव ने पवन पांडे के घर आयोजित भागवत कथा के मंच से ही रामलला के दर्शन का ऐलान किया था. अब देखना यह होगा कि कारसेवकों पर फायरिंग का यह पुराना मुद्दा अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर कितना भारी पड़ता है और इस यात्रा से वह जनता और साधु-संतों को क्या संदेश दे पाते हैं.
