महराजगंज में प्यार के लिए टावर पर चढ़ गई लड़की, पुलिस ने ऐसे संभाला मामला

आयशा शेख़

• 12:56 PM • 16 Nov 2026

यूपी के महराजगंज में प्रेमी से शादी करने की जिद पर करीब 18 साल की युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसने परिवार को चेतावनी दी कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह नीचे कूद जाएगी. पुलिस और परिजनों की काफी कोशिशों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में प्रेमी से शादी करने की जिद पर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसने परिवार के सामने शर्त रखी कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो टावर से नीचे कूद जाएगी. युवती को टावर पर चढ़ा देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए. कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

यह भी पढ़ें...

घटना रविवार सुबह की है. करीब 18 साल की युवती महराजगंज जिले के बैथवलिया गांव में एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों और परिवार के लोगों ने काफी देर तक युवती को समझाने की कोशिश की. लगातार बातचीत और समझाने के बाद सुरक्षित नीचे उतर आई.

दूसरी जाति का होने के कारण परिवार को रिश्ता मंजूर नहीं

पुलिस के मुताबिक, युवती का शिशगढ़ गांव के रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध है. वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं है. बताया जा रहा है कि युवक दूसरी जाति का है. इसी वजह से युवती के परिवार वाले इस शादी का विरोध कर रहे थे.

परिवार की ओर से शादी के लिए सहमति नहीं मिलने पर युवती नाराज थी. रविवार सुबह करीब 5 बजे वह घर से शौच जाने की बात कहकर निकली. इसके बाद गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई.

टावर से कूदने की धमकी से परिवार में मची अफरा-तफरी

युवती के टावर पर चढ़ने और वहां से कूदने की धमकी देने की खबर मिलते ही परिवार के लोग परेशान हो गए. गांव के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे. कुछ ही समय में टावर के आसपास काफी भीड़ जमा हो गई.

सूचना मिलने पर निचलौल थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने युवती को नीचे उतरने के लिए समझाया. परिवार के लोगों ने भी उससे बातचीत की और सुरक्षित नीचे आने की अपील की. काफी कोशिशों के बाद युवती टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई.

पुलिस थाने ले जाकर कर रही पूछताछ

टावर से सुरक्षित उतरने के बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई. वहां उससे घटना और परिवार के साथ चल रहे विवाद को लेकर पूछताछ की जा रही है. निचलौल थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवती को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया है. उससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- क्या हरिशंकर तिवारी के बेटे को टिकट देंगे अखिलेश यादव? चिल्लू पार विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के बने आसार