Ghaziabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भाई दूज पर मायके आई 35 साल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंदिरापुरी कॉलोनी की है. आरोप है कि भाई के साथ मारपीट की शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंची पूजा को विवाद के दौरान सिर में गोली मार दी गई. गंभीर हालत में उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ कर दी. हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले.
ADVERTISEMENT
मारपीट की शिकायत लेकर पहुंची थी पूजा
इंदिरापुरी कॉलोनी के डी-ब्लॉक निवासी बाबूलाल की बेटी पूजा की शादी दादरी निवासी नरेंद्र से हुई थी. उसकी दो बेटियां हैं. भाई दूज के मौके पर पूजा अपने मायके आई हुई थी. शनिवार रात उसका भाई अमन घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर बैठा था. इसी दौरान दूसरी गली में रहने वाले कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया. आरोप है कि युवकों ने अमन के साथ मारपीट की और तमंचे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया. भाई के साथ हुई घटना की जानकारी मिलते ही पूजा शिकायत करने आरोपियों के घर पहुंच गई.
यह भी पढ़ें- पत्नी के सामने पति ने पड़ोसी को चाकू से गोदकर मारा, फिर तालाब में फेंकी बॉडी, दिवाली के झगड़े का 7 दिन बाद लिया बदला!
कहासुनी के बीच सिर में मार दी गोली
आरोप है कि आरोपियों के घर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर पूजा को गोली मार दी गई. गोली उसके सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और फिर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पूजा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. वहीं, गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस घटना के बाद कॉलोनी में तनाव फैल गया. हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया.
शौच करने से रोकने पर शुरू हुआ था विवाद
डीसीपी ग्रामीण जोन सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल पूजा को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं. डीसीपी के अनुसार 'शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह गली में शौच करने से एक युवक को मना करना बताया जा रहा है.' पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- कानपुर में गर्लफ्रेंड के फ्लैट से गिरकर 22 साल के संभव खंडेलवाल की मौत, आखिरी मैसेज में लिखा था 'Don't Come'
कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस ने परिजनों से शिकायत लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है. डीसीपी ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और फायरिंग किसने की. पूजा की हत्या के बाद परिजनों की ओर से आरोपियों के घर में की गई तोड़फोड़ और कॉलोनी में बने तनाव को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला. मृतका की मौसी लाडो का भी इस मामले में बयान दर्ज किया जाना है. पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











