कानपुर में गर्लफ्रेंड के फ्लैट से गिरकर 22 साल के संभव खंडेलवाल की मौत, आखिरी मैसेज में लिखा था 'Don't Come'
कानपुर के बिठूर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में शनिवार को 22 वर्षीय संभव खंडेलवाल का शव मिला. कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा संभव अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. लड़की के परिवार ने इसे हादसा बताया, जबकि परिजनों ने मारपीट के बाद छठी मंजिल से फेंके जाने की आशंका जताई है.
ADVERTISEMENT

Kanpur Sambhav Khandelwal Death News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक कारोबारी के 22 साल बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शनिवार को उसका शव बिठूर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के नीचे मिला. युवक की पहचान आरके नगर निवासी संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है. वह शहर के प्रतिष्ठित कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था. बताया गया कि संभव अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. लड़की के परिवार ने इसे हादसा बताया है, जबकि संभव के परिजनों ने मारपीट के बाद उसे छठी मंजिल से नीचे फेंके जाने की आशंका जताई है.
पिता के कारोबार में हाथ बंटाता था संभव
संभव के पिता विशाल खंडेलवाल का गुरू पेपर हाउस के नाम से कागज का कारोबार है. परिवार में उनकी पत्नी प्रीती, बेटा संभव और बेटी काव्या हैं. काव्या की शादी हो चुकी है. संभव भी पिता के कारोबारी काम में सहयोग करता था. परिवार के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी कार लेकर घर से निकला था. उसने बताया था कि वह किसी दोस्त से मिलने जा रहा है. इसके करीब डेढ़ घंटे बाद परिवार को उसके मोबाइल से फोन आया कि वह रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे पारस अस्पताल ले जाया गया है. परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें- कौशाम्बी में कॉलेज से लौट रहे पंकज मौर्य को रास्ते में घेरा, कार में ही बरसाईं रॉड-लाठियां, शाम को घर पहुंचकर पिता को भी पीटा
लड़की के मामा ने बताया कैसे हुआ हादसा
अपार्टमेंट के टावर-2 की छठी मंजिल पर रहने वाला परिवार मेटल कारोबार से जुड़ा है. लड़की के मामा ने बताया कि संभव और उनकी भांजी के बीच दोस्ती थी और वह पहले भी उससे मिलने फ्लैट पर आता था. दिवाली की छुट्टियों में लड़की मुंबई से कानपुर आई हुई थी. मामा के मुताबिक घटना के समय घर में वह, उनकी भांजी और भांजा मौजूद थे. परिवार के बाकी सदस्य बाहर थे और सभी कॉफी पीने जाने की तैयारी कर रहे थे.
गेंद लेने के दौरान बालकनी में फिसला पैर?
लड़की के मामा का दावा है कि इसी दौरान संभव और घर में मौजूद छोटा बच्चा फ्लैट में बॉल से खेलने लगे. खेलते समय गेंद बालकनी की तरफ चली गई. उन्होनें बताया कि 'गेंद लेने के लिए संभव तेजी से आगे बढ़ा. दिवाली के दौरान जलाए गए दीयों का तेल बालकनी के पास गिरा हुआ था. संभव का पैर उसी पर पड़ गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरा.' उनका कहना है कि हादसे के बाद घर के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
शरीर पर चोट के निशान देखकर परिवार को शक
संभव की मौत के बाद उसके परिजनों ने हादसे की कहानी पर सवाल उठाए हैं. परिवार का कहना है कि उसके दाहिने पैर पर रगड़ के निशान थे. इसके अलावा कमर, पीठ और हाथ पर भी खरोंच दिखाई दीं. परिजनों को आशंका है कि छठी मंजिल से गिरने से पहले संभव के साथ मारपीट की गई थी. परिवार ने इन चोटों को घटना की परिस्थितियों से जोड़ते हुए उसके साथ धक्का-मुक्की किए जाने का संदेह जताया है.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें! अखिलेश यादव ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्या है I.N.D.I.A. गठबंधन का पूरा प्लान
आखिरी मैसेज पर सवाल
परिजनों ने संभव के मोबाइल फोन में उसकी गर्लफ्रेंड के साथ हुई बातचीत का डेटा डिलीट होने की बात भी कही है. उनके मुताबिक शनिवार दोपहर करीब दो बजे लड़की की ओर से संभव को आखिरी मैसेज भेजा गया था, जिसमें 'Don't Come' लिखा था. परिवार का आरोप है कि शरीर पर मिले चोट के निशान और मोबाइल की बातचीत से जुड़ी परिस्थितियां संदेह पैदा करती हैं. इसी आधार पर उन्होंने संभव को अपार्टमेंट से धक्का देकर गिराए जाने की आशंका जताई है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ अपार्टमेंट पहुंचे. टीम ने फ्लैट और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस के सामने घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं. लड़की के मामा इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बता रहे हैं, जबकि संभव के परिजनों ने मारपीट और धक्का देकर गिराने की आशंका जताई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
