कौशाम्बी में कॉलेज से लौट रहे पंकज मौर्य को रास्ते में घेरा, कार में ही बरसाईं रॉड-लाठियां, शाम को घर पहुंचकर पिता को भी पीटा
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कॉलेज से पढ़कर कार से घर लौट रहे 28 साल के युवक को रास्ते में घेरकर दबंगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटा.
ADVERTISEMENT

Kaushambi Assault Case: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कॉलेज से पढ़कर कार से घर लौट रहे 28 साल के युवक को रास्ते में घेरकर दबंगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटा. इसके बाद शाम को आरोपी उसके घर पहुंच गए और युवक के साथ उसके पिता पर भी हमला कर दिया. इस मारपीट में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हुए हैं. घटना के दौरान कार में बैठे युवक की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
कॉलेज से लौटते समय युवक को रास्ते में घेरा
पूरा मामला करारी थाना क्षेत्र का है. पिंडरा सहावनपुर गांव की रहने वाली कौशल्या देवी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे उनका 28 साल का बेटा पंकज मौर्य डॉ. रिजवी कॉलेज करारी से पढ़ाई करके घर लौट रहा था. इसी दौरान मोअज्जमपुर गेट के पास गांव के रोहित, सुखलाल, अजय, राजाबाबू और हिमांशु समेत अन्य लोगों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश में आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पंकज पर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे राहगीरों के बाद आरोपी वहां से चले गए.
यह भी पढ़ें- प्राइवेट कार में हूटर बजाकर दरोगा ने ट्रैक्टर का किया पीछा, कैमरा ऑन होते ही बदला अंदाज, चालक ने खोली 50 हजार की मांगने की पोल!
घर पहुंचकर पिता-बेटे पर किया हमला
कौशल्या देवी का आरोप है कि पहली घटना के बाद शाम करीब 5 बजे जब मारपीट को लेकर उलाहना देने की बात आई तो आरोपियों ने फिर हमला कर दिया. आरोप है कि रोहित, सुखलाल, अजय, राजकुमार, राजाबाबू और हिमांशु समेत कई लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंच गए. वहां उन्होंने पंकज मौर्य और उसके पिता फूलचंद्र मौर्य को घेरकर पीटना शुरू कर दिया. इस हमले में पिता-बेटे को गंभीर चोटें आईं. पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद घायल पिता-बेटे को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करारी ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया.
दूसरे पक्ष ने भी लगाए कार चढ़ाने के आरोप
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष के घायल युवक राजा बाबू मौर्य ने भी अपनी बात रखी है. उसका आरोप है कि संजय मौर्य ने घर से काफी तेज रफ्तार में कार निकाली और उसके ऊपर चढ़ा दी. राजा बाबू के मुताबिक इस घटना में उसका पैर टूट गया. इस तरह मामले में दोनों पक्षों की ओर से चोट लगने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, मारपीट की दोनों घटनाओं में कुल पांच लोग घायल हुए हैं और उनका उपचार चल रहा है.
यह भी पढ़ें- GF को टीचर के साथ पिज्जा खाते देख हुआ था शक, फिर BF ने मटन काटने वाला चाकू से कर दिया ओमप्रकाश यादव का मर्डर
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कार में बैठे पंकज मौर्य के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक के साथ मारपीट के दृश्य सामने आए हैं. घटना के बाद कौशल्या देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और घायलों के उपचार की जानकारी भी सामने आई है.
DSP सदर सौरभ सावंत ने क्या कहा?
मामले को लेकर डीएसपी सदर सौरभ सावंत ने बताया, 'पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की गई है. इस मारपीट में पांच लोग घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है. मुकदमा लिखा जा रहा है और अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है.' फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
