लेटेस्ट न्यूज़

प्रयागराज से शक्ति प्रदर्शन करने वाले बाहुबली BJP नेता उदयभान करवरिया कौन हैं, जिनके बयान से गरमाई सियासत

2027 चुनाव से पहले प्रयागराज में बीजेपी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है. उदयभान करवरिया ने शक्ति प्रदर्शन कर केशव मौर्य पर निशाना साधा, योगी की तारीफ की और हर्षवर्धन वाजपेयी के समर्थन में ऐसा क्या कहा?

ADVERTISEMENT

Udaybhan Karawaria
Udaybhan Karawaria
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर सियासी हलचल और गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है. इस सियासी संग्राम का नया केंद्र प्रयागराज बन गया है, जहां पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने हजारों समर्थकों की भीड़ और गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया. 'टाइगर इज बैक' के नारों के बीच मंच से उदयभान करवरिया ने न केवल अपनी राजनीतिक वापसी का ऐलान किया बल्कि अपनी ही पार्टी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर बिना नाम लिए तीखे हमले भी किए. उन्होंने एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की, वहीं प्रयागराज शहर उत्तरी से बीजेपी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के समर्थन में खुलकर उतरते हुए पार्टी के अंदर नई सियासी लकीर खींच दी है.

"पद छोड़कर इतनी भीड़ जुटाकर दिखा दें, जिंदगी भर गुलामी करूंगा"

रैली में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित उदयभान करवरिया ने सत्ता और पद के दम पर भीड़ जुटाने वाले नेताओं पर करारा तंज कसा. उनका सीधा निशाना उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की तरफ माना जा रहा है. करवरिया ने चुनौती देते हुए कहा 'जब आप शासन और सत्ता में होते हैं तो आपके पास चाटुकारों की भीड़ लगी रहती है, किसी को टिकट चाहिए होता है तो किसी को पद. मैं कहता हूं कि पद छोड़कर ऐसी रैली करके दिखा दो, मैं जिंदगी भर तुम्हारी गुलामी करूंगा.'

इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में प्रयागराज के परेड मैदान में हुए एक कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जहां यूजीसी (UGC) के मुद्दे पर केशव प्रसाद मौर्य से सवाल पूछने वाले एक युवक से मारपीट कर उसे पुलिस कस्टडी में दिए जाने के आरोप लगे थे. करवरिया ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि वे उन नेताओं में से नहीं हैं जो सवाल पूछने वालों को धक्का मारकर पुलिस के हवाले कर दें.

हर्षवर्धन वाजपेयी के पक्ष में उतरे करवरिया

प्रयागराज शहर उत्तरी विधानसभा सीट को लेकर इन दिनों चर्चाओं का बाजार गर्म है. सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि 2027 के चुनाव में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इस सीट से दावेदारी कर सकते हैं. इसी खींचतान के बीच उदयभान करवरिया ने मौजूदा बीजेपी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के पक्ष में खुले मंच से बैटिंग की.

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शहर उत्तरी में आजकल बड़ा हल्ला चल रहा है, एक बड़े नेता का पिछले एक महीने से लोगों को दिवाली और दशहरे की शुभकामनाओं के मैसेज आ रहे हैं और वे 6 साल पहले हुए निधन पर अब शोक संवेदना व्यक्त करने घर-घर जा रहे हैं. इसके बाद उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, 'अरे भाई, एक ही तो बचा है हर्षवर्धन वाजपेयी, उसे तो बचाकर रखो मेरे भाई.'

यूजीसी विवाद पर CM योगी का बचाव: "योगी जी को कमजोर करने की साजिश"

एक ही मंच से तीन अलग-अलग राजनीतिक संदेश देते हुए उदयभान करवरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी निष्ठा खुलकर जाहिर की. यूजीसी (UGC) को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने प्रदेश सरकार को क्लीन चिट देते हुए इसे 'ऊपर की मानसिकता' करार दिया.

करवरिया ने समर्थकों को आगाह करते हुए कहा कि इस विवाद में प्रदेश सरकार की कोई भूमिका नहीं है, बल्कि यह कहीं न कहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को डिगाने और कमजोर करने की एक कोशिश है. उन्होंने नारा दिया 'योगी है तो प्रदेश है.'

प्रयागराज में करवरिया परिवार का सियासी रसूख और जेल से रिहाई तक का सफर

प्रयागराज से लेकर कौशांबी तक करवरिया परिवार का लंबा राजनीतिक प्रभाव रहा है. उदयभान करवरिया 2002 और 2007 में बीजेपी के टिकट पर बारा विधानसभा सीट से विधायक रहे. उनके बड़े भाई कपिल मुनि करवरिया 2009 में बीएसपी से फूलपुर के सांसद बने, जबकि छोटे भाई सूरज भान करवरिया विधान परिषद सदस्य (MLC) रहे. उदयभान के जेल जाने के बाद उनकी पत्नी स्वर्गीय नीलम करवरिया 2017 में मेजा सीट से बीजेपी विधायक बनी थीं.

जवाहर पंडित हत्याकांड और रिहाई: 13 अगस्त 1996 को तत्कालीन सपा विधायक जवाहर यादव उर्फ जवाहर पंडित की हत्या के मामले में 2019 में कोर्ट ने उदयभान और उनके दोनों भाइयों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, अच्छे आचरण के आधार पर राज्यपाल की मंजूरी और राज्य सरकार के आदेश के बाद जुलाई 2024 में उदयभान करवरिया की समय से पहले जेल से रिहाई हो गई.

रिहाई के बाद से ही उदयभान करवरिया की सियासी सक्रियता लगातार बढ़ रही है. अब उनके इस शक्ति प्रदर्शन और तीखे बयानों ने 2027 के चुनाव से पहले प्रयागराज और पूर्वांचल की बीजेपी राजनीति में नए समीकरणों और अंदरूनी खींचतान को हवा दे दी है.
 

ये भी पढ़ें: प्राइवेट कार में हूटर बजाकर दरोगा ने ट्रैक्टर का किया पीछा, कैमरा ऑन होते ही बदला अंदाज, चालक ने खोली 50 हजार की मांगने की पोल!