Kaushambi Police News: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में एक दरोगा का प्राइवेट गाड़ी में हूटर बजाकर ट्रैक्टर का पीछा करने और उसे रोकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र का है, जहां मिट्टी लदे बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर को रोकने के बाद दरोगा और चालक के बीच तीखी बहस हो गई. वहीं ट्रैक्टर चालक ने दरोगा पर उत्पीड़न करने और पहले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है और जांच के निर्देश दिए हैं.
ADVERTISEMENT
हूटर बजाकर दरोगा ने रोका ट्रैक्टर
जानकारी के मुताबिक 13 नवंबर की सुबह करीब 8:50 बजे सराय अकिल चौराहे की सड़क से मिट्टी लदा एक ट्रैक्टर गुजर रहा था. ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. इसी दौरान सराय अकिल थाने में तैनात दरोगा विकास मिश्रा अपनी निजी चार पहिया गाड़ी से हूटर बजाते हुए ट्रैक्टर के पीछे लग गए. कुछ दूरी पर उन्होंने ट्रैक्टर को रुकवा लिया. इसके बाद चालक और दरोगा के बीच बहस शुरू हो गई. चालक इस कार्रवाई से नाराज नजर आया और उसने मौके पर ही दरोगा से सवाल-जवाब किए.
यह भी पढ़ें- GF को टीचर के साथ पिज्जा खाते देख हुआ था शक, फिर BF ने मटन काटने वाला चाकू से कर दिया ओमप्रकाश यादव का मर्डर
ट्रैक्टर चालक बोला- 50 हजार रुपये मांगे थे
वायरल वीडियो में ट्रैक्टर चालक दरोगा से कहता दिखाई दे रहा है कि जिले में कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के चल रहे हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं होती. उसका आरोप है कि पुलिस केवल उसी को रोककर परेशान कर रही है. चालक ने दरोगा पर पहले 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया. हालांकि, रुपये मांगने और उत्पीड़न के इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है.
यह भी पढ़ें- कानपुर में 77 साल के गंगा बख्श चोरी-छिपे खाते थे मछली, गले में कांटा फंसा तो डॉक्टरों के सामने खुल गई पोल
वीडियो बनता देख गाड़ी में बैठकर चले गए दरोगा
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान ट्रैक्टर चालक ने एक व्यक्ति से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनवाना शुरू कर दिया. जब दरोगा को वीडियो बनाए जाने की जानकारी हुई तो वह अपनी चार पहिया गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए. इसके बाद हूटर बजाकर ट्रैक्टर का पीछा करने और चालक से बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं.
कौशाम्बी पुलिस ने जांच के दिए निर्देश
वीडियो वायरल होने के बाद कौशाम्बी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि मामले में सराय अकिल थाना प्रभारी को जांच के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल दरोगा पर लगाए गए 50 हजार रुपये मांगने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है. जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT











