उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अक्षरा सिंह ने छठ पूजा का किया समापन, इमोशनल होते हुए बोलीं-चार दिन पलक झपकते बीत जाते हैं

दीक्षा सिंह

• 01:07 PM • 16 Nov 2026

छठ व्रत पूरा होने पर भावुक हुईं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपनी आस्था और अनुभव साझा किए. युवाओं को संस्कृति से जुड़े रहने की सलाह दी. वहीं त्योहारों के राजनीतिकरण पर ऐसा जवाब दिया, जिसने सबका ध्यान खींचा.

Akshara Singh

Akshara Singh

Google CTA

लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपना कठिन व्रत संपन्न किया. पूरे विधि-विधान के साथ पूजा समाप्त होने के बाद अक्षरा सिंह काफी भावुक नजर आईं. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने न केवल छठ महापर्व के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की बल्कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सलाह दी और पर्व के राजनीतिकरण को लेकर भी अपना स्पष्ट रुख रखा.

यह भी पढ़ें...

"पूरे साल इंतजार रहता है, पर ये चार दिन पलक झपकते बीत जाते हैं"

छठ पूजा के समापन के बाद अपनी भावनाएं साझा करते हुए अक्षरा सिंह ने कहा कि छठ दुनिया का एकमात्र ऐसा अनूठा और महान पर्व है, जहां डूबते हुए सूर्य और उगते हुए सूर्य दोनों की समान श्रद्धा से आराधना की जाती है.

उन्होंने आगे कहा 'यह चार दिन का महापर्व कुछ ऐसा है जिसका हम पूरे साल बेसब्री से इंतजार करते हैं, और अब यह खत्म हो रहा है. यह थोड़ा इमोशनल पल है क्योंकि हम साल भर इसकी तैयारी करते हैं. लेकिन ये चार दिन इतनी जल्दी बीत जाते हैं कि पता ही नहीं चलता कि समय कैसे उड़ गया. छठी मैया सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें.'

युवाओं को संदेश और छठ के राजनीतिकरण पर दो टूक जवाब

बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने आज की युवा पीढ़ी और छठ को लेकर हो रही राजनीतिक चर्चाओं पर भी खुलकर अपनी बात रखी. युवाओं को संदेश देते हुए अक्षरा ने कहा कि उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए. उन्होंने सलाह दी कि युवा छठ पूजा और इसके गहरे महत्व को समझें और खुद भी इस परंपरा को आगे बढ़ाएं. उन्होंने बताया किया कि छठ व्रत करने के बाद से उनकी खुद की जिंदगी में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं.

जब उनसे पूछा गया कि क्या छठ जैसे पवित्र त्योहारों का राजनीतिकरण किया जाना चाहिए या इन्हें कोई राजनीतिक एंगल दिया जाना चाहिए, तो अक्षरा सिंह ने जवाब दिया 'बिल्कुल नहीं.' लगातार तीसरे साल पूरी श्रद्धा के साथ छठ व्रत करने वाली अक्षरा सिंह का यह सादगी भरा और भावुक अंदाज सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों को खूब पसंद आ रहा है.

ये भी पढ़ें: छठ पर अक्षरा सिंह के घर पहुंचे अनंत सिंह, खरना प्रसाद खाकर दिया बेटी की शादी का न्योता