छठ पर अक्षरा सिंह के घर पहुंचे अनंत सिंह, खरना प्रसाद खाकर दिया बेटी की शादी का न्योता
छठ महापर्व के बीच भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर अचानक पहुंचे अनंत सिंह ने सबका ध्यान खींच लिया. खरना का प्रसाद खाने के साथ उन्होंने बेटी की शादी का न्योता भी दिया.डिटेल में पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह इस साल छठ का यह पावन पर्व बेहद खास और भव्य तरीके से मना रही हैं. इस बीच, मोकामा के बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह का अक्षरा सिंह के आवास पर पहुंचना और खरना का प्रसाद ग्रहण करना राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है.
अक्षरा सिंह के घर पहुंचे अनंत सिंह ने खाया खरना का प्रसाद
छठ महापर्व के दूसरे दिन यानी खरना के मौके पर पूर्व विधायक अनंत सिंह अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर पहुंचे. उन्होंने वहां विधि-विधान से खरना का प्रसाद ग्रहण किया. मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने बड़े ही सहज अंदाज में कहा कि वे यहां केवल प्रसाद खाने आए थे और प्रसाद ग्रहण करने के बाद अब वापस जा रहे हैं. उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे भी इस पावन पर्व पर छठ के प्रसाद का आनंद लें.
क्यों चर्चा में है अनंत सिंह की बेटी की शादी?
अक्षरा सिंह के घर प्रसाद खाने पहुंचे अनंत सिंह ने इस दौरान अभिनेत्री और वहां मौजूद लोगों को अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी का न्योता भी दिया. अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी आगामी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव में तय हुई है, जो इस समय पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. खास बात यह है कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, राजनीतिक दिग्गजों से लेकर आम लोगों तक सभी को इस शादी का निमंत्रण भेजा गया है. अनंत सिंह ने खुद अपील करते हुए कहा कि जिन्हें कार्ड मिल गया है या किसी वजह से नहीं मिल पाया है, वे उन पर और उनकी बेटी की शादी में जरूर पहुंचे.
दिग्गजों को न्योता दे रही हैं अक्षरा सिंह
छठ के इस पावन अवसर पर अक्षरा सिंह काफी उत्साहित नजर आ रही हैं. उन्होंने न केवल इस महापर्व को अपने परिवार और प्रशंसकों के बीच खास बनाया है, बल्कि कई बड़ी हस्तियों को भी इस आयोजन से जोड़ा है. चर्चा है कि अक्षरा सिंह ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत कई दिग्गज नेताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें छठ का निमंत्रण दिया था.
लगातार तीसरे साल छठ व्रत कर रहीं अक्षरा सिंह का यह आयोजन और उसमें बाहुबली अनंत सिंह की मौजूदगी ने इस साल के छठ पर्व को राजनीतिक और सामाजिक रूप से बेहद खास बना दिया है.
