'दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा बंद करो', सपा सांसद एसपी सिंह ने दिया विवादित बयान, बीजेपी ने बताया हिंदू आस्था का अपमान
ADVERTISEMENT
प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर विवादित बयान दिया है. उन्होंने इन धार्मिक आयोजनों को ढोंग बताते हुए बंद करने की बात कही है. उनके बयान पर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने पलटवार किया और अखिलेश यादव से अपने सांसद पर कार्रवाई करने की मांग की है.
उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर काफी चर्चा है. एक तरफ अखिलेश यादव सनातन और राम मंदिर की पिच पर उतरकर बीजेपी को जवाब दे रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उनकी अपनी ही पार्टी के एक सांसद ने ऐसा 'बवाली बयान' दे दिया है, जिसने नया राजनीतिक हंगामा खड़ा कर दिया है. प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर ऐसी टिप्पणी की है, जिससे बीजेपी को सपा पर हमला करने का एक और बड़ा मौका मिल गया है. सांसद के इस बयान के बाद पूर्वांचल से लेकर लखनऊ तक सियासत गर्मा गई है. बीजेपी नेताओं ने इसे सीधे तौर पर हिंदू आस्था का अपमान बताया है और सपा मुखिया अखिलेश यादव से जवाब मांगा है.
दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर विवादित बयान
प्रतापगढ़ के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को ढोंग बताते हुए उसे बंद करने की बात कह रहे हैं. वीडियो में वह कहते हैं, "दुर्गा पूजा में क्या होता है? एक मूर्ति खरीद के लाए, उसकी पूजा की और एक हफ्ते बाद गंदे नाले में फेंक आते हो. तो बताओ वो देवी तुम्हें आशीर्वाद देगी कि श्राप देगी? इसलिए हर बार करते हो, ये सब ढोंग बंद करो." इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा पर भी टिप्पणी करते हुए कहा, "कांवड़ यात्रा भी बंद करो. गांव में जो मंदिर है, सीधे वहां पर जल चढ़ा दो और फोटो हो भोले बाबा की तो हाथ जोड़ लो, बस उतना ही आशीर्वाद मिलेगा. 50 किलोमीटर पैदल जाने से कुछ नहीं मिल रहा."
बृजभूषण शरण सिंह ने किया पलटवार
सपा सांसद के इस विवादित बयान पर बीजेपी के कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सांसद की बात का जवाब देते हुए कहा कि माता दुर्गा ने सतयुग में महिषासुर का वध किया था, और आज भी वह कथा जीवित है. बृजभूषण ने कहा कि किसी एक सांसद के कहने भर से दुर्गा जी का अस्तित्व समाप्त नहीं हो जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि अगर उनके सांसद ने ऐसी बात कही है, तो अखिलेश जी को ऐसे नेताओं की जुबान बंद करनी पड़ेगी, क्योंकि ऐसे लोग अखिलेश जी को ही नुकसान पहुंचा रहे हैं.
कौन हैं सपा सांसद एसपी सिंह पटेल?
एसपी सिंह पटेल (पूरा नाम शिवपाल सिंह पटेल) मूल रूप से एक शिक्षाविद हैं और लखनऊ पब्लिक स्कूल के संस्थापक हैं. उनका राजनीतिक सफर विधान परिषद (एमएलसी) से शुरू हुआ था. वह 2002 और 2008 में एमएलसी बने थे. इसके बाद उनकी पत्नी कांति सिंह पटेल भी एमएलसी चुनी गईं. 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उन्हें प्रतापगढ़ से टिकट दिया था, जहां उन्होंने बीजेपी के संगम लाल गुप्ता को करीब 66 हजार वोटों से हराकर पहली बार लोकसभा में अपनी जगह बनाई. एसपी सिंह पटेल कुर्मी समाज से आते हैं, जो यूपी की राजनीति में एक बड़ा वोट बैंक है, इसलिए वह अखिलेश यादव के पीडीए (PDA) फॉर्मूले का एक अहम हिस्सा माने जाते हैं.
यह भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह
