पूर्वांचल के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल के बयान से मचा सियासी बवाल, क्या अखिलेश यादव की बढ़ेगी मुश्किल?
2027 चुनाव से पहले सपा सांसद एसपी सिंह पटेल के बयान ने यूपी की सियासत गरमा दी है. दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर ऐसी टिप्पणी क्यों की कि बीजेपी से लेकर बृजभूषण शरण सिंह तक अखिलेश यादव को घेरने लगे?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक तरफ समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अयोध्या में रामलला के दर्शन की तैयारी कर सनातन की पिच पर सधे हुए कदम रखने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेताओं के बवाली बयान उनके लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर रहे हैं.ताजा मामला प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल (शिवपाल सिंह पटेल) से जुड़ा है जिन्होंने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को 'ढोंग' बताते हुए इन्हें बंद करने तक की बात कह डाली.
सांसद के इस बयान के सामने आते ही पूर्वांचल से लेकर लखनऊ तक सियासी पारा चढ़ गया है. बीजेपी ने इसे हिंदू आस्था का सीधा अपमान बताते हुए अखिलेश यादव पर हमला तेज कर दिया है.वहीं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी सपा मुखिया को अपने नेताओं की जुबान पर लगाम लगाने की नसीहत दी है.
दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर सपा सांसद ने क्या कहा?
प्रतापगढ़ के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वे हिंदू धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं. उन्होंने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा 'इन सब ढोंग में कतई मत पड़ो. दुर्गा पूजा करते हो... एक मूर्ति खरीदकर लाए, उसकी पूजा की और एक हफ्ते बाद गंदे नाले में फेंक आते हो. यही होता है न? तो बताओ वो देवी तुम्हें आशीर्वाद देगी कि श्राप देगी? ये सब ढोंग बंद करो. कांवड़ यात्रा भी बंद करो. सीधे गांव के मंदिर में भोले बाबा की फोटो के आगे हाथ जोड़कर जल चढ़ा दो, उतना ही आशीर्वाद मिलेगा. 50 किलोमीटर पैदल जाने से कुछ नहीं मिल रहा.'
बृजभूषण शरण सिंह बोले- "ये लोग अखिलेश को फंसाकर ही मानेंगे"
सपा सांसद के इस बयान ने बीजेपी को बैठे-बिठाए समाजवादी पार्टी को घेरने का बड़ा हथियार दे दिया है. बीजेपी प्रवक्ताओं ने इसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर चोट बताते हुए अखिलेश यादव से जवाब मांगा है.
वहीं, इस विवाद पर पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का अस्तित्व किसी एक सांसद के कहने से समाप्त नहीं हो जाएगा. उन्होंने अखिलेश यादव को आगाह करते हुए कहा कि ऐसे नेता उन्हीं को नुकसान पहुंचा रहे हैं और ये लोग अखिलेश को फंसाकर ही मानेंगे, इसलिए सपा प्रमुख को ऐसे नेताओं की जुबान बंद करनी चाहिए.
पहले भी कई बयानों पर घिर चुके हैं एसपी सिंह पटेल
यह पहला मौका नहीं है जब प्रतापगढ़ के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आए हों. इससे पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि केवल ठाकुर और पंडितों की बस्तियों में ही सड़कें बनती हैं.जबकि दलित और पिछड़ों की बस्तियों में सड़क सुविधा नहीं है. इस बयान पर भी काफी राजनीतिक विवाद हुआ था.हाल ही में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर हुए विवाद के दौरान भी उनके बयानों ने सियासी माहौल गरमाया था.
कौन हैं एसपी सिंह पटेल और सपा के लिए क्यों अहम हैं?
एसपी सिंह पटेल का पूरा नाम शिवपाल सिंह पटेल है, पेशे से एक बड़े शिक्षाविद और लखनऊ पब्लिक स्कूल (LPS) के संस्थापक हैं. 2002 और 2008 में दो बार विधान परिषद सदस्य (MLC) रहने के बाद, 2014 में उनकी पत्नी कांति सिंह पटेल भी एमएलसी बनीं. हालिया एमएलसी चुनावों में भी कांति सिंह ने लखनऊ स्नातक सीट पर बीजेपी के दिग्गज को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी. 2024 के लोकसभा चुनाव में एसपी सिंह पटेल ने प्रतापगढ़ सीट से बीजेपी के तत्कालीन सांसद संगम लाल गुप्ता को करीब 66,000 वोटों से हराकर संसद में कदम रखा था.
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, एसपी सिंह पटेल कुर्मी समाज से आते हैं जिसका पूर्वांचल और पूरे यूपी की राजनीति में बड़ा वोट बैंक है. अखिलेश यादव के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत रखने के लिए वे एक अहम चेहरा माने जाते हैं. हालांकि जिस तरह से वे लगातार धार्मिक मुद्दों पर विवादास्पद बयान दे रहे हैं, उससे पार्टी के भीतर ही यह चिंता बढ़ने लगी है कि कहीं वे अखिलेश यादव के सियासी मिशन के लिए फायदे के बजाय नुकसान का सबब न बन जाएं.
