जेल से रिहाई के बाद उदयभान करवरिया ने CM योगी की तारीफ में पढ़े कसीदे, केशव प्रसाद मौर्य को दी खुली चुनौती
ADVERTISEMENT
प्रयागराज में उदयभान करवरिया ने हजारों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर यूपी की सियासत में हलचल मचा दी है. उन्होंने बिना नाम लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन किया है.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की हलचल शुरू हो गई है. इसी बीच प्रयागराज में करवरिया परिवार ने एक बार फिर अपना बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया है. हाल ही में जेल से समय से पहले रिहा हुए उदयभान करवरिया ने हजारों समर्थकों की भीड़ जुटाकर अपनी पुरानी सियासी धमक दिखाने की कोशिश की है. उन्होंने एक जनसभा में मंच से बिना नाम लिए अपनी ही पार्टी के बड़े नेता और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर जमकर निशाना साधा, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शान में जमकर कसीदे पढ़े. करवरिया ने प्रयागराज शहर उत्तरी के मौजूदा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के पक्ष में भी खुलकर बैटिंग की है. उनके इस शक्ति प्रदर्शन और बयानों ने प्रयागराज और पूर्वांचल की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है.
केशव मौर्य पर साधा तीखा निशाना
मंच से अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए उदयभान करवरिया ने केशव प्रसाद मौर्य का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला. करवरिया ने हाल ही में प्रयागराज में यूजीसी के मुद्दे पर केशव मौर्य से सवाल पूछने वाले युवक के साथ हुई धक्का-मुक्की और पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि वह उन नेताओं में से नहीं हैं जो सवाल पूछने वालों को पुलिस के हवाले कर दें. इसके अलावा, करवरिया ने केशव मौर्य को चुनौती देते हुए कहा, "पद छोड़कर एक ऐसी रैली करके दिखाओ, जिंदगी भर मैं तुम्हारी गुलामी करूंगा." उन्होंने कहा कि जब आपके पास पद होता है, तो चाटुकारों की भीड़ अपने आप लग जाती है.
हर्षवर्धन वाजपेयी की खुलकर पैरवी
प्रयागराज शहर उत्तरी सीट को लेकर काफी समय से चर्चा है कि 2027 के चुनाव में केशव मौर्य इस सीट से अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं. इस चर्चा के बीच उदयभान करवरिया ने मौजूदा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी का खुलकर समर्थन किया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजकल एक बड़े नेता शहर उत्तरी में काफी सक्रिय हो गए हैं और पुराने लोगों के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंच रहे हैं. करवरिया ने जनता से अपील की कि वे अपने विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी को बचाकर रखें.
योगी सरकार का किया बचाव
यूजीसी (UGC) विवाद पर उदयभान करवरिया ने साफ तौर पर कहा कि इसमें प्रदेश की योगी सरकार की कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने मंच से दावा किया कि यह सब ऊपर की मानसिकता है, जो योगी जी को उनके पद से डिगाने (कमजोर करने) के लिए की गई है. उन्होंने समर्थकों से कहा, "होशियार रहना, योगी है तो उत्तर प्रदेश है." इसके साथ ही, करवरिया परिवार ने हजारों की भीड़ जुटाकर यह भी साबित करने की कोशिश की है कि प्रयागराज की राजनीति में आज भी उनकी मजबूत पकड़ बरकरार है.
यह भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह
