लेटेस्ट न्यूज़

कानपुर में फीमेल दोस्त के फ्लैट से गिरकर संभव खंडेलवाल की मौत, आखिरी मैसेज 'डोंट कम' से बढ़ा सस्पेंस

ADVERTISEMENT

कानपुर के बिठूर में 22 वर्षीय कारोबारी के बेटे संभव खंडेलवाल की छठी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. यह घटना फीमेल दोस्त के फ्लैट पर हुई है. लड़की के परिवार ने इसे हादसा बताया है, जबकि मृतक के परिजनों ने मारपीट कर नीचे फेंकने का आरोप लगाया है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक नामी कारोबारी के इकलौते बेटे की छठी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान 22 साल के संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है, जो अपने पिता के कागज के कारोबार में हाथ बंटाता था. शनिवार की दोपहर संभव अपनी एक दोस्त (लड़की) से मिलने उसके फ्लैट पर गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अपार्टमेंट के नीचे खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. लड़की के परिवार का दावा है कि गेंद से खेलते वक्त पैर फिसलने से यह हादसा हुआ है, जबकि संभव के परिवार वाले इसे एक बड़ी साजिश और हत्या बता रहे हैं. घटना से ठीक पहले आया एक मैसेज भी पुलिस के लिए बड़ा सवाल बन गया है.

गेंद पकड़ते वक्त पैर फिसलने का दावा

यह पूरी घटना कानपुर के बिठूर इलाके के रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट की है. संभव शनिवार दोपहर 1:30 बजे अपनी कार से दोस्त के फ्लैट पर पहुंचा था. फ्लैट में लड़की के अलावा उसके मामा और एक छोटा बच्चा मौजूद था. लड़की के मामा ने पुलिस को बताया कि संभव पहले भी फ्लैट पर आता रहता था. घटना के वक्त घर के लोग कॉफी पीने जाने की तैयारी कर रहे थे और संभव छोटे बच्चे के साथ गेंद से खेल रहा था. खेलते हुए गेंद बालकनी की तरफ चली गई और जब संभव उसे पकड़ने गया, तो वहां गिरे हुए दीवाली के दीयों के तेल पर उसका पैर फिसल गया, जिससे वह छठी मंजिल से सीधे नीचे जा गिरा.

'गिरने से पहले की गई थी मारपीट'

लड़की के परिवार की इस हादसे वाली कहानी पर संभव के परिवार को बिल्कुल भी यकीन नहीं है. परिजनों का आरोप है कि गिरने से पहले संभव के साथ फ्लैट में मारपीट की गई थी और फिर उसे नीचे फेंका गया है. उन्होंने बताया कि संभव के दाहिने पैर पर रगड़ के गहरे निशान थे और उसकी कमर, पीठ और हाथों पर भी खरोंच के निशान साफ दिखाई दे रहे थे. परिवार वालों ने लड़की और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

'डोंट कम' मैसेज ने बढ़ाया सस्पेंस

इस मामले को सबसे ज्यादा संदिग्ध वह आखिरी मैसेज बना रहा है, जो घटना वाले दिन दोपहर करीब 2:00 बजे लड़की की तरफ से संभव के मोबाइल पर भेजा गया था. इस मैसेज में अंग्रेजी में लिखा था 'डोंट कम' (मत आओ). परिवार का सवाल है कि जब संभव पहले से ही फ्लैट में मौजूद था, तो यह मैसेज उसे क्यों और किसने भेजा? इसके अलावा, परिवार ने दावा किया है कि संभव के मोबाइल फोन से उसकी बातचीत का काफी सारा डेटा भी डिलीट कर दिया गया है. फिलहाल, एसीपी कल्याणपुर की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह