चंद्रशेखर को क्यों बनाया CM पद का फेस? असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कारण, अखिलेश यादव पर भी बरसे
ADVERTISEMENT
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ की जनसभा में अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को सीएम उम्मीदवार बनाने के फैसले का बचाव करते हुए उनकी तारीफ की है और समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले पर भी सवाल उठाए हैं.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एआईएमआईएम (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है. इस गठबंधन में ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार (सीएम कैंडिडेट) घोषित किया है. चंद्रशेखर को सीएम चेहरा बनाए जाने के बाद से ही विरोधी लगातार ओवैसी पर हमलावर हैं. विरोधियों का तंज है कि क्या अब ओवैसी चंद्रशेखर के लिए दरी बिछाएंगे. इन तमाम सवालों और आरोपों का जवाब ओवैसी ने मेरठ में एक जनसभा के दौरान दिया. अपने जवाब में ओवैसी ने न सिर्फ चंद्रशेखर आजाद की जमकर तारीफ की, बल्कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को भी सीधे निशाने पर लिया. ओवैसी का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
'चंद्रशेखर ने खड़े होकर नमाज पढ़वाई'
मेरठ की जनसभा में विरोधियों के सवालों का जवाब देते हुए ओवैसी ने कहा कि लोग पूछते हैं मजलिस (AIMIM) ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा क्यों बनाया? इसका जवाब देते हुए ओवैसी ने नगीना की एक घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा, "जब नगीना में ईद की नमाज नहीं पढ़ने दी जा रही थी, तब यह बहादुर बच्चा (चंद्रशेखर) वहां खड़ा हो गया. उसने कहा कि तुम नमाज पढ़ो, मैं यहां खड़ा हूं, देखता हूं कौन उठता है." ओवैसी ने आगे कहा कि चंद्रशेखर ने वहां खड़े होकर लोगों को नमाज पढ़वाई और कहा कि मैं मुसलमान नहीं हूं, लेकिन मैं बाबा साहेब के संविधान को मानने वाला हूं. ओवैसी ने चंद्रशेखर को मुसलमानों का सच्चा हितैषी और बहादुर करार दिया.
अखिलेश यादव पर ओवैसी का सीधा हमला
चंद्रशेखर आजाद की तारीफ करने के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सीधे अखिलेश यादव पर निशाना साधा. अखिलेश के अयोध्या (राम मंदिर) जाने के ऐलान पर तंज कसते हुए ओवैसी ने कहा, "और अखिलेश उस जगह पर जाने वाले हैं, जहां पर हमने 400 साल नमाज पढ़ी थी, जहां से 'हय्या अलस-सलाह, हय्या अलल-फलाह' की सदाएं दी गई थीं. अब फैसला आपको करना है." ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम समर्थकों से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या आप उन्हें जवाब देंगे जो आपके सामने खड़े हैं, थोड़ी तो गैरत और हमदर्दी दिखाइए.
पीडीए फॉर्मूले को दी सीधी चुनौती
अपने भाषण के दौरान ओवैसी ने अखिलेश यादव के पीडीए (PDA - पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी तीखा प्रहार किया. उन्होंने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए पूछा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार में 47 मुस्लिम विधायक थे, तब मुजफ्फरनगर दंगों के पीड़ितों के लिए क्या किया गया था? ओवैसी ने पीडीए का नया मतलब बताते हुए उस राजनीतिक नैरेटिव (माहौल) को पूरी तरह से पलट दिया, जिसके सहारे अखिलेश यादव दलितों और अल्पसंख्यकों को एक साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि आगरा की रैली में अखिलेश यादव इस हमले का क्या जवाब देते हैं.
यह भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह
