लेटेस्ट न्यूज़

मेरठ में ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से उत्साहित हैं कार्यकर्ता, बोले- मुसलमान सपा को नहीं AIMIM गठबंधन को देंगे वोट

ADVERTISEMENT

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चे' के गठबंधन ने यूपी की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. मेरठ की रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने गठबंधन के सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने और चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री बनने का दावा किया है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद (आजाद समाज पार्टी) के बीच हुए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चे' के गठबंधन ने सियासी हलचल तेज कर दी है. हाल ही में मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मैदान में असदुद्दीन ओवैसी की एक बड़ी रैली हुई. इस रैली में भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी थी. रैली समाप्त होने के बाद जब आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की गई, तो उनका उत्साह देखने लायक था. कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह गठबंधन पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ा असर डालेगा और इस बार चंद्रशेखर आजाद प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे. इसके साथ ही, कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा और उन्हें 'बीजेपी की बी टीम' करार दिया.

'पूरे प्रदेश में दिखेगा गठबंधन का असर'

मेरठ की इस रैली में शामिल आजाद समाज पार्टी के एक नेता मोहम्मद फहीम ने दावा किया कि उनका यह गठबंधन सिर्फ पश्चिमी यूपी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ा असर डालेगा. उन्होंने कहा कि उनका मोर्चा सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा. फहीम ने दावा किया कि इस जनसैलाब को देखकर यह साफ महसूस हो रहा है कि युवाओं की पसंद चंद्रशेखर आजाद ही इस प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी ने सिर्फ अपने फायदे (मुफाद) के लिए काम किया था, लेकिन ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी समाज के लिए काम करेगी.

'सपा है बीजेपी और आरएसएस की बी टीम'

रैली में मौजूद लोगों ने समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया. उनका कहना था कि सपा को मुस्लिम वोट तो चाहिए, लेकिन वह मुसलमानों का भला नहीं करती. एक कार्यकर्ता ने कहा कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में सपा ने किसी मुस्लिम (शेरवानी जी) को भेजने के बजाय बीजेपी और आरएसएस के एक कार्यकर्ता (नैथानी जी) को राज्यसभा भेजा. उन्होंने सवाल उठाया कि इससे साफ हो जाता है कि असली 'बी टीम' कौन है. लोगों ने आजम खान और पूर्व डीजीपी जावीद अहमद का भी जिक्र किया और कहा कि अखिलेश यादव ने उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया.

'कुर्सी की पेटी बांध लो, मौसम बिगड़ने वाला है'

रैली में बिहार से आए एक युवक आकिब अख्तर ने सपा और अखिलेश यादव को खुली चेतावनी देते हुए कहा, "कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, मौसम बिगड़ने वाला है." आकिब ने कहा कि जिस तरह बिहार में ओवैसी साहब ने गठबंधन के लिए कहा था, लेकिन उन्हें अनदेखा किया गया, वही अहंकार (एरोगेंस) अब यहां भी दिखाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने आज भी अपने दरवाजे खुले रखे हैं, अगर कोई प्रदेश में बदलाव और हिफाजत चाहता है, तो वह हमारे गठबंधन (अलायंस) में शामिल हो सकता है. लोगों का कहना है कि इस बार मुसलमान समाजवादी पार्टी को नहीं, बल्कि एआईएमआईएम गठबंधन को वोट देंगे.

यह भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह