अक्षरा सिंह के लिए क्यों खास है इस बार की छठ पूजा? लगातार तीसरी बार रखेंगी व्रत

दीक्षा सिंह

14 Nov 2026 (अपडेटेड: 14 Nov 2026, 11:42 AM)

भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह लगातार तीसरे साल छठ व्रत रख रही हैं. लेकिन इस बार का पर्व उनके लिए बेहद खास है. अमेरिका से पूरा परिवार पटना पहुंचा, तो भक्तों की भीड़ भी बढ़ गई. जानिए छठ को लेकर अक्षरा का खास अनुभव.

Akshara Singh

Akshara Singh

Google CTA

लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम पूरे देश में खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रही है. इस बीच जानी-मानी भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह के लिए इस बार का छठ पर्व बेहद खास और भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है. लगातार तीसरे साल छठ का व्रत रख रहीं अक्षरा सिंह इस बार इस पावन पर्व को अपने प्रशंसकों और परिवार के साथ बेहद भव्य तरीके से मना रही हैं. 

यह भी पढ़ें...

'पहला साल बहुत डर था, लेकिन अब छठी मैया की कृपा से सब आसान हो गया'

हमारे सहयोगी बिहार Tak ने अक्षरा सिंह से उनके लगातार तीसरे साल के अनुभव के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि इसे शब्दों में व्यक्त करना बहुत मुश्किल है. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पहली बार छठ व्रत रखा था, तो उनके मन में अनुष्ठान के दौरान किसी भी तरह की गलती हो जाने का बहुत डर था.

अक्षरा सिंह ने अपनी बड़ी बहन का जिक्र करते हुए कहा 'आज मेरी बड़ी बहन मेरे साथ हैं और उनकी वजह से ही मैं छठ पूजा अच्छे से कर पा रही हूं. क्योंकि उन्होंने मेरी मदद की और मुझे सब कुछ सिखाया. जैसे-जैसे आप सीखते और समझते हैं, चीजें स्वाभाविक रूप से बहुत आसान होने लगती हैं.'

इस बार क्यों और भी खास हो गया है पर्व?

अक्षरा सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार उनके साथ जुड़ने वाले प्रशंसकों और श्रद्धालुओं की भीड़ चार-पांच गुना बढ़ गई है. खास बात यह है कि इस बार वह 'नहाय-खाय' का प्रसाद अकेले ग्रहण नहीं कर रही हैं बल्कि बिहार की बेटी होने के नाते इसे अपने चाहने वालों और श्रद्धालुओं के बीच भी बांट रही हैं.

उन्होंने यह भी खुशी जाहिर की कि इस बार उनका पूरा परिवार अमेरिका से इकट्ठा हुआ है जिसमें उनके सभी भाई और मौसी शामिल हैं जिससे इस महापर्व की खुशी और भी दोगुनी हो गई है.

फैंस के लिए खास संदेश और कार्यक्रम

पटना में जो लोग किन्हीं कारणों से अपने घर नहीं जा सके हैं, उनके लिए अक्षरा सिंह ने विशेष तौर पर कार्यक्रम का आयोजन किया है. 

आयोजन स्थल: रेनबो ग्राउंड (पटना)

समय: 15 तारीख को शाम 7:00 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी.

इस भव्य आयोजन में कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी हस्तियां भी शामिल हो रही हैं.

बातचीत के अंत में अक्षरा सिंह ने अपनी मधुर आवाज में छठी मैया का पारंपरिक गीत 'कांच बांस के बहंगिया, बहंगी लचकट जाए..." गाकर पूरे माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र महापर्व का समापन संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ होगा.

ये भी पढ़ें: पैसे के दम पर कानून का मजाक उड़ा रहे हैं पवन सिंह! कोर्ट में पेश नहीं होने पर भड़कीं पत्नी ज्योति सिंह