आधी रात को बिजनौर पुलिस ने हमजा को उठाया, फिर चाचा से मांगे 5 लाख, मोबाइल रिकॉर्डिंग सामने आते ही हुआ ये एक्शन

ऋतिक राजपूत

• 10:04 AM • 14 Nov 2026

बिजनौर में पुलिस की वर्दी पहनकर वसूली करने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों ने एक युवक को हत्या के प्रयास और जंगल से लकड़ी काटने के मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर उसके चाचा से पांच लाख रुपये मांगे.

Bijnor News

Bijnor News (Photo AI Generated)

Google CTA

Bijnor News: बिजनौर में पुलिस की वर्दी पहनकर वसूली करने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों ने एक युवक को हत्या के प्रयास और जंगल से लकड़ी काटने के मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर उसके चाचा से पांच लाख रुपये मांगे. शिकायतकर्ता अमजद मजीदी के मुताबिक पुलिसकर्मी आधी रात को हरियाणा के पानीपत स्थित उनके घर पहुंचे और भतीजे हमजा को अपने साथ ले जाने लगे. रास्ते में गाड़ी रोककर रकम मांगी गई. अगले दिन साहनपुर चौकी पर भी पांच लाख रुपये की मांग दोहराई गई. आरोप है कि रकम नहीं देने पर हमजा को दूसरे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई. अमजद का दावा है कि बातचीत मोबाइल में रिकॉर्ड है. मामला सामने आने के बाद एसपी ने चौकी इंचार्ज समेत चारों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. उनके खिलाफ नजीबाबाद थाने में FIR भी दर्ज की गई है.

यह भी पढ़ें...

आधी रात को घर पहुंचे चार लोग

शिकायत के मुताबिक घटना 11-12 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे की है. हरियाणा के पानीपत जिले के पत्थरगढ़ गांव में रहने वाले अमजद मजीदी के घर चार लोग पहुंचे. उन्होंने खुद को बिजनौर पुलिस का कर्मचारी बताया और कहा कि वे उनके भतीजे हमजा पुत्र कौसर को पकड़ने आए हैं. पुलिसकर्मियों ने बताया कि हमजा हत्या के प्रयास और जंगल में लकड़ी काटने से जुड़े मुकदमे में वांछित है. इसके बाद अमजद ने अपने भाई असगर को हमजा को बुलाने भेजा और खुद भी फोन करके भतीजे को घर बुला लिया.

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट से 1 करोड़ 27 लाख वोटर्स के नाम कटने वाले सीएम योगी के बयान पर बोले अखिलेश- बाहरी लोगों को जोड़ने की हो रही है साजिश

 

निजी कार से ले जाने लगे हमजा को

अमजद का आरोप है कि चार लोगों में दरोगा कुलवीर सिंह पुलिस की वर्दी में था, जबकि गौरव, विजयपाल और उपेंद्र सादे कपड़ों में थे. हमजा के घर पहुंचते ही वे उसे अपनी निजी कार में बैठाकर ले जाने लगे. अमजद ने विरोध किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं मानी. अमजद भी उनके साथ गाड़ी में बैठकर पानीपत के सनौली थाने तक पहुंचे. वहां उन्होंने दरोगा कुलवीर सिंह से कहा कि हमजा इस मामले में शामिल नहीं है और सलीम से उसकी सामान्य बातचीत हुई थी. अमजद ने कहा कि पूछताछ करनी हो तो बुलाने पर वह खुद हमजा को चौकी या थाने लेकर आ जाएंगे.

कैराना से पहले रोकी गाड़ी

अमजद के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने उनकी बात मानने के बजाय कहा कि यूपी की तरफ चलो, यमुना पार करने के बाद बात करेंगे. इसके बाद अमजद अपने ड्राइवर शफात और चचेरे भाई असगर के साथ अपनी कार से पुलिसकर्मियों की गाड़ी के पीछे चल दिए. आरोप है कि कैराना से पहले एक सड़क पर पुलिसकर्मियों ने अपनी कार रोक दी. दरोगा कुलवीर सिंह ने विजयपाल, गौरव और उपेंद्र को नीचे उतारकर अमजद से बात करने को कहा. इसके बाद विजयपाल ने पूछा कि हमजा को छोड़ने के लिए कितने रुपये दोगे? अमजद ने 10-20 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पांच लाख रुपये की मांग रख दी.

रकम नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी

अमजद का आरोप है कि पांच लाख रुपये देने में असमर्थता जताने पर उन्हें सुबह सात बजे तक साहनपुर पुलिस चौकी पहुंचने के लिए कहा गया. साथ ही धमकी दी गई कि रकम लेकर नहीं पहुंचे तो हमजा को जेल भेज दिया जाएगा. अमजद के मुताबिक वह सुबह करीब छह बजे अपने साथी नौशाद और शफात के साथ चौकी पहुंच गए. वहां दरोगा कुलवीर सिंह ने उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज भेजा और विजयपाल का नंबर देकर उससे बात करने को कहा. सुबह करीब 10:30 बजे विजयपाल, गौरव और उपेंद्र भी चौकी पहुंच गए. आरोप है कि यहां फिर पांच लाख रुपये मांगे गए.

यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार सबसे ज्यादा वोट किस मुद्दे पर पड़ेंगे? ताजा सर्वे में जनता ने बता दी अपनी पसंद

 

दूसरे मुकदमे में फंसाने की धमकी

शिकायतकर्ता के मुताबिकजब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो पुलिसकर्मियों ने हमजा को दूसरे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. आरोप है कि उनसे कहा गया कि ऐसा केस लगा दिया जाएगा, जिसमें हाईकोर्ट से भी जमानत नहीं मिल पाएगी. अमजद का दावा है कि उनके साथ मौजूद नौशाद ने पुलिसकर्मियों के साथ हुई बातचीत को मोबाइल में चुपके से रिकॉर्ड कर लिया था. रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद उन्होंने पुलिस के बड़े अधिकारियों को मामले की जानकारी दी. इसके बाद 12 नवंबर को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

अमजद की शिकायत के आधार पर दरोगा कुलवीर सिंह, विजयपाल, गौरव और उपेंद्र के खिलाफ नजीबाबाद थाने में FIR दर्ज की गई है. खास बात यह है कि जिन पुलिसकर्मियों पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप है, उनके खिलाफ उसी नजीबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है. मामला सामने आने के बाद एसपी ने साहनपुर चौकी इंचार्ज समेत चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. शिकायतकर्ता ने बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है.