अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के विरोध में उतरे संत तो पवन पांडे बन गए सपा प्रमुख के लिए सबसे बड़े ढाल

मयंक शुक्ला

• 10:52 AM • 14 Nov 2026

12 दिसंबर को अखिलेश यादव परिवार संग रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचेंगे. लेकिन इससे पहले संतों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है. कार सेवक गोलीकांड पर माफी की मांग के बीच पवन पांडे ने ऐसा दावा किया, जिसने सियासी हलचल बढ़ा दी.

Akhilesh yadav and Pawan Pandey

Akhilesh yadav and Pawan Pandey

Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होते ही सियासत का केंद्र एक बार फिर अयोध्या बन गया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को परिवार संग रामलला के दर्शन करने के ऐलान ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है. एक तरफ कार सेवकों पर गोलीकांड का पुराना मुद्दा गरमा गया है और अयोध्या के साधु-संतों ने अखिलेश के दौरे का खुलकर विरोध शुरू कर दिया है, तो वहीं दूसरी तरफ अयोध्या से सपा के वरिष्ठ नेता तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे अब अखिलेश यादव की ढाल बनकर सामने आ गए हैं.

यह भी पढ़ें...

पवन पांडे ने संतों के इस विरोध पर चौंकाने वाला बयान देते हुए दावा किया है कि विरोधी सुरों के पीछे कुछ और ही कहानी है और सभी संत हृदय से अखिलेश यादव को ही मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं.

संतों का अल्टीमेटम: 'पहले सरयू में जाकर माफी मांगें, तब करें दर्शन'

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के ऐलान और बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे के कार सेवकों वाले बयान के बाद अयोध्या के साधु-संतों की नाराजगी सातवें आसमान पर पहुंच गई है. अयोध्या में हुई साधु-संतों की एक बड़ी बैठक में अखिलेश के दौरे का घोर विरोध दर्ज कराया गया.

संतों का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही सपा प्रमुख को 'राम नाम की रोटी' सेकने की याद आ गई है. नाराज संतों ने दो टूक शब्दों में मांग की है कि अखिलेश यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पहले 1990 में कार सेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग को लेकर सरयू तट पर माफी मांगें, तभी उन्हें राम मंदिर में दर्शन करने दिया जाएगा, अन्यथा उनका विरोध अंतिम दम तक जारी रहेगा.

पवन पांडे का पलटवार 

साधु-संतों के इस तीखे विरोध के बीच अयोध्या से सपा के ब्राह्मण चेहरे पवन पांडे ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने संतों के विरोध को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि 12 दिसंबर को अखिलेश यादव अयोध्या आएंगे और हनुमानगढ़ी व प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन करेंगे.

पवन पांडे ने संतों के विरोध पर चुटकी लेते हुए बड़ा दावा किया 'हमारे पूज्य संत-महंतों का कहीं कोई विरोध नहीं है. हम सभी उनका बहुत आदर करते हैं. ये सारे संत हृदय और आत्मा से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ हैं और चाहते हैं कि अखिलेश जी मुख्यमंत्री बनें. बाकी आप समझा करिए... कुछ तो मजबूरियां रही होंगी जो बाहर विरोध में बोलना पड़ रहा है. लेकिन अंदर से सब अखिलेश जी को आशीर्वाद दे रहे हैं.'

कार सेवक गोलीकांड और सनातन पांडे के बयान से किया किनारा

जब पवन पांडे से संतों की माफी वाली मांग और बलिया के सपा सांसद सनातन पांडे के कार सेवकों पर गोली चलाने को सही ठहराने वाले बयान पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी सफाई से इससे किनारा कर लिया.

अखिलेश का बचाव: पवन पांडे ने कहा कि अखिलेश यादव ने न कभी कोई गोली चलवाई और न ही कभी किसी सनातनी या धर्म का अपमान किया, इसलिए माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

सांसद के बयान से दूरी: सनातन पांडे के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देने से बचते हुए उन्होंने कहा कि वे आज की बात करते हैं और आज का सच यही है कि अयोध्यावासी और संत समाज अखिलेश यादव के स्वागत के लिए तैयार हैं.

2027 चुनाव से पहले सपा का सियासी दांव

गौरतलब है कि पिछले दिनों पवन पांडे के घर आयोजित भागवत कथा के मंच से अखिलेश यादव ने रामलला के दर्शन की इच्छा जताई थी, जिसके बाद 'पंचायत आजतक' के मंच पर पवन पांडे ने 12 दिसंबर की तारीख का ऐलान किया था. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का राम मंदिर जाना बीजेपी के हिंदुत्व और तुष्टीकरण के आरोपों की काट खोजने की एक बड़ी रणनीति है. अब देखना दिलचस्प होगा कि संतों के इस विरोध के बीच अखिलेश का अयोध्या दौरा सपा को सियासी फायदा पहुंचाता है या पुरानी यादें पार्टी की राह में रोड़ा बनती हैं.

ये भी पढ़ें: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 38 IAS अफसरों के हुए तबादले, सीतापुर-बिजनौर समेत कई जिलों के DM बदले