उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने अपने नए राजनीतिक मोर्चे का ऐलान कर दिया है. दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' (SPM) रखा है. गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. खुद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इसका ऐलान किया.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा के साथ ही चंद्रशेखर आजाद ने विपक्षी एकता को लेकर भी एक बड़ा संदेश दिया. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को अपने साथ आने का खुला ऑफर दे दिया.
लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनका मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन के इरादे से चुनाव मैदान में उतरेगा. बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए जो भी दल उनके साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है.
उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं. आजाद ने कहा, "हमारा दिल बड़ा है. हम समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को ऑफर देते हैं कि वे भी हमारे साथ मिलकर चुनाव लड़ें. जो भी हमारे साथ बीजेपी को हटाने आएगा, हम उसे शामिल करेंगे."
पहले सीएम चेहरे का ऐलान, फिर विपक्षी दलों को न्योता
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन के नेतृत्व को लेकर असदुद्दीन ओवैसी ने स्थिति साफ कर दी. उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की तरफ से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. ओवैसी ने कहा कि वह आजाद की बातों से सहमत हैं और उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकने का मजबूत विकल्प बनेगा.
ओवैसी ने कहा कि उनका गठबंधन सिर्फ बीजेपी को हराने के लिए चुनाव नहीं लड़ेगा. रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा और आम लोगों से जुड़े जमीनी मुद्दे भी मोर्चे के चुनावी एजेंडे में रहेंगे. उन्होंने लोगों से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को सफल बनाने की अपील की.
दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद ने सपा और कांग्रेस को साथ आने का न्योता देकर साफ कर दिया कि वह अपने गठबंधन का विस्तार करना चाहते हैं. हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में अपना नाम घोषित होने के बाद भी दूसरे विपक्षी दलों के लिए दरवाजे खुले रखे हैं.
403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा मोर्चा, सीटों को लेकर विवाद नहीं
चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा. उन्होंने सीटों के बंटवारे को लेकर किसी तरह के विवाद से इनकार किया. आजाद के मुताबिक, दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने कहा कि दलों के साथ-साथ दिल भी मिल गए हैं.
आजाद ने बीजेपी पर संविधान और आरक्षण को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2027 में उनका मोर्चा सत्ता परिवर्तन करेगा. उनका कहना था कि बीजेपी को रोकने के लिए दूसरे दल भी साथ आ सकते हैं.
ओवैसी पहले भी कर चुके हैं सपा-कांग्रेस से गठबंधन की कोशिश
ओवैसी की ओर से सपा और कांग्रेस को साथ आने का ऑफर देने के पीछे भी राजनीतिक पृष्ठभूमि है. 2027 के चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख ने विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की इच्छा जताई थी. उन्होंने सार्वजनिक मंचों से अखिलेश यादव के साथ चुनावी समझौते की बात कही थी. ओवैसी ने सपा और कांग्रेस को इस पर फैसला लेने के लिए 2 अक्टूबर तक का समय भी दिया था, लेकिन दोनों दलों की ओर से सकारात्मक जवाब नहीं मिला.
इसके बाद AIMIM ने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ बातचीत आगे बढ़ाई. करीब एक महीने से अधिक समय तक चली बातचीत के बाद दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया. 12 नवंबर को लखनऊ में इसकी औपचारिक घोषणा की गई.
ये भी पढ़ें- UP में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी बनाएगी तीसरा मोर्चा, सपा-कांग्रेस-BSP की बढ़ सकती है चुनौती
ADVERTISEMENT











