अयोध्या में रामलला के दर्शन से पहले अखिलेश यादव के सामने संतों ने रखी शर्त, 1990 की गोलीबारी का भी उठा मुद्दा

आयशा शेख़

12 Nov 2026 (अपडेटेड: 12 Nov 2026, 08:57 AM)

अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आने की चर्चा के बीच संतों के बयान सामने आए हैं. राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के लिए उनसे माफी मांगने को कहा है.

Akhilesh Yadav (Photo AI Generated)

Akhilesh Yadav (Photo AI Generated)

Google CTA

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले रामनगरी में संतों के बयान सामने आने लगे हैं. अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने की चर्चा के बीच राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने उनसे 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना के लिए माफी मांगने की मांग की है. 

यह भी पढ़ें...

हालांकि, अयोध्या के सभी संतों का रुख एक जैसा नहीं है. बावन जी मंदिर के पीठाधीश्वर महंत वैदेही बल्लभ शरण ने अखिलेश यादव के अयोध्या आने का स्वागत किया है. उनका कहना है कि भगवान राम किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति तक सीमित नहीं हैं. 

रामलला के दर्शन से पहले माफी मांगने की मांग

राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने कहा कि अखिलेश यादव अगर रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आते हैं तो उन्हें सबसे पहले कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए. उनके मुताबिक, राम जन्मभूमि आंदोलन में कारसेवकों ने अपनी जान गंवाई थी. उनकी शहादत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

राजकुमार दास का कहना है कि रामलला के दर्शन करने का अधिकार सभी को है, लेकिन अयोध्या आने वाले नेताओं को राम मंदिर आंदोलन के इतिहास और उसमें बलिदान देने वाले लोगों का भी सम्मान करना चाहिए.

महंत वैदेही बल्लभ शरण ने किया अखिलेश के आने का स्वागत

बावन जी मंदिर के पीठाधीश्वर महंत वैदेही बल्लभ शरण ने इस मुद्दे पर अलग रुख रखा. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक पार्टी, नेता या व्यक्ति के नहीं हैं. वह पूरे समाज की आस्था के केंद्र हैं. अखिलेश यादव हों, राहुल गांधी हों या देश का कोई दूसरा नेता, सभी को अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करने चाहिए.

हालांकि, महंत ने राम जन्मभूमि आंदोलन में जान गंवाने वाले कारसेवकों को याद करने की बात भी कही. उनका कहना है कि अखिलेश यादव को सबसे पहले आंदोलन में शहीद हुए कारसेवकों और महापुरुषों का स्मरण करना चाहिए. उन्हें उन लोगों की आत्मा से क्षमा मांगनी चाहिए, जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन के दौरान अपने प्राण गंवाए.

महंत वैदेही बल्लभ शरण ने अखिलेश यादव के लिए एक धार्मिक क्रम भी बताया. उन्होंने कहा कि कारसेवकों को श्रद्धांजलि देने और क्षमा मांगने के बाद अखिलेश यादव को मां सरयू में स्नान करना चाहिए. इसके बाद रामलला के दरबार में पहुंचकर दर्शन करने चाहिए.

उन्होंने 1990 में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी को गलत बताते हुए कहा कि निहत्थे रामभक्तों पर गोली चलाने के फैसले को किसी भी स्थिति में सही नहीं कहा जा सकता.

मुलायम सिंह यादव के फैसले पर भी जताई असहमति

महंत वैदेही बल्लभ शरण ने समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के बयान पर भी अपनी असहमति जताई. सांसद की ओर से मुलायम सिंह यादव के फैसले को सही ठहराए जाने की बात सामने आई थी. इस पर महंत ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन में जान गंवाने वाले कारसेवकों की शहादत का सम्मान किया जाना चाहिए. उस घटना के लिए माफी मांगना भी जरूरी है.

12 दिसंबर को अयोध्या आने की चर्चा, 1990 की घटना फिर चर्चा में

अखिलेश यादव 12 दिसंबर को रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन करने आ सकते हैं. उनके इस प्रस्तावित दौरे की घोषणा समाजवादी पार्टी की ओर से की गई है. 11 नवंबर को अयोध्या में संतों की बैठक भी हुई, जिसमें अखिलेश के दौरे पर चर्चा की गई. 

इस विवाद के केंद्र में 1990 की वह घटना है, जब राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान अयोध्या में कारसेवकों पर पुलिस ने गोली चलाई थी. उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे. 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को हुई गोलीबारी की घटनाएं आज भी यूपी की राजनीति में चर्चा का विषय बनती हैं. 

ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव की नजर अब BJP के इस वोट बैंक पर, 2027 के लिए तैयार हो रहा नया प्लान