बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले संजय निषाद, नेताओं पर भीतरघात का आरोप लगाकर की कार्रवाई की मांग

कुमार अभिषेक

• 11:26 AM • 10 Nov 2026

यूपी में 2027 चुनाव से पहले NDA में अंदरूनी खींचतान तेज होती दिख रही है. संजय निषाद ने दिल्ली पहुंचकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से किसकी शिकायत की और किन नेताओं पर भीतरघात का आरोप लगाया? इस मुलाकात के सियासी मायने क्या हैं?

Sanjay Nishad meet Nitin Nabin

Sanjay Nishad meet Nitin Nabin

Google CTA

उत्तर प्रदेश की सियासत में एनडीए गठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. बीजेपी के सबसे अहम सहयोगियों में शुमार निषाद पार्टी के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद सीधे दिल्ली पहुंचे और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर पार्टी के भीतर ही भीतरघात करने वाले नेताओं का कच्चा-चिट्टा सामने रख दिया. संजय निषाद का आरोप है कि बीजेपी और गठबंधन के कुछ नेता निषाद पार्टी के बढ़ते प्रभाव से असहज हैं और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के भीतर रहकर गठबंधन को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं. इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर अंदरखाने सुलग रही नाराजगी खुलकर सामने आ गई है.

यह भी पढ़ें...

दिल्ली दरबार में संजय निषाद की शिकायत और बीजेपी अध्यक्ष का संकेत

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट के साथ-साथ वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर गंभीर चर्चा की. संजय निषाद ने मुलाकात के दौरान उन नेताओं की एक सूची और विषय रखा जो पार्टी और गठबंधन के भीतर रहकर भीतरघात कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ऐसे भीतरघाती नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए हैं.

बीजेपी के भीतर के ओबीसी और निषाद चेहरों से क्यों सुलग रही है नाराजगी?

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी के भीतर मौजूद कई मूल ओबीसी और निषाद चेहरे (जैसे अन्य दलों से आए या पुराने नेता) इस बात से असहज हैं कि संजय निषाद को पार्टी में आवश्यकता से अधिक तवज्जो मिल रही है. जानकारों का मानना है कि पूर्वांचल और अन्य क्षेत्रों के कई नेता यह नहीं चाहते कि संजय निषाद का राजनीतिक कद और उनकी पार्टी की सीटों की मांग (16 से बढ़ाकर 30 सीटों तक की चर्चा) इतनी बढ़ जाए कि स्थानीय बीजेपी नेताओं के राजनीतिक भविष्य पर संकट आ जाए.

2024 की हार का दर्द और भीतरघात का पुराना जख्म

संजय निषाद 2024 के लोकसभा चुनावों में अपने बेटे की हार और कई सीटों पर हुए समीकरणों के उलटफेर से पहले ही आहत हैं. उनका स्पष्ट मानना है कि चुनाव के दौरान उनकी पार्टी के खिलाफ सिर्फ विपक्षी दल ही नहीं, बल्कि गठबंधन के भीतर के कुछ स्वार्थी तत्वों और स्थानीय नेताओं ने भी भीतरघात किया था, जिसके कारण एनडीए को नुकसान उठाना पड़ा था.

आगामी 2027 चुनाव का समीकरण और सीटों का पेंच

आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए संजय निषाद अपनी पार्टी के लिए अधिक सीटों की दावेदारी कर रहे हैं. दूसरी ओर बीजेपी के अंदरूनी हलकों में इस बात को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं कि यदि गठबंधन के साथियों को ज्यादा सीटें दी गईं, तो पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं और नेताओं को दरकिनार होना पड़ेगा. हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि केंद्रीय नेतृत्व इस असंतोष को कैसे थमता है, क्योंकि इस पूरे गठबंधन की रूपरेखा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रणनीतिक खाके पर तैयार की गई है.


 

ये भी पढ़ें: कारसेवकों पर गोली चलाने के फैसले को सपा सांसद सनातन पांडेय ने सही ठहराया, बोले- नेताजी ने संविधान बचाने के लिए ऐसा किया