'मैं बुद्धिस्ट नहीं सनातनी हूं...' स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, रामचरितमानस विवाद पर दिया गीता प्रेस का तर्क

कुमार अभिषेक

• 08:48 AM • 10 Nov 2026

यूपी तक के खास शो 'आज का यूपी' में देखिए राज्य की 3 बड़ी खबरें. स्वामी प्रसाद मौर्य का खुद को सनातनी बताना, बेटा-बेटी के सवाल पर उनका गुस्सा और अखिलेश यादव से बेटे के लिए नरम अपील.

Swami Prasad Maurya

Swami Prasad Maurya

Google CTA

यूपी Tak के खास शो ‘आज का यूपी’ में राज्य की तीन बड़ी खबरों का विश्लेषण किया जाता है. आज की पहली खबर स्वामी प्रसाद मौर्य के उस चौंकाने वाले दावे से जुड़ी है जिसमें उन्होंने खुद को बुद्धिस्ट नहीं बल्कि 'सनातनी' बताते हुए सनातन की नई परिभाषा दी है और रामचरितमानस विवाद पर गीता प्रेस का हवाला दिया है. दूसरी खबर स्वामी प्रसाद मौर्य की उस तीखी प्रतिक्रिया पर है जो उन्होंने अपने बेटे और बेटी (संघमित्रा मौर्य) को लेकर पूछे गए पारिवारिक सवाल पर दी. तीसरी खबर उनके राजनीतिक रुख को लेकर है, जहां उन्होंने अपनी पार्टी बनाने के बावजूद बेटे के राजनीतिक भविष्य और टिकट के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से नरम अपील की है.

यह भी पढ़ें...

स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा यू-टर्न!  

स्वामी प्रसाद मौर्य, जिन्हें अब तक हिंदू धर्म, देवी-देवताओं और सनातन के विरोध के लिए जाना जाता था और इसी वजह से जिन्हें समाजवादी पार्टी तक छोड़नी पड़ी थी, उन्होंने एक चौंकाने वाला बयान दिया है. स्वामी प्रसाद मौर्य ने पहली बार यह स्वीकार किया है कि वह असल में बुद्धिस्ट नहीं हैं, बल्कि सनातन के विचारों को मानते हैं. हालांकि वह धर्म के नाम पर फैले पाखंड, आडंबर और छलावों को नहीं मानते. 

सनातन की परिभाषा देते हुए उन्होंने कहा कि जो शाश्वत सत्य है-जैसे सूरज, पृथ्वी, हवा और ऑक्सीजन-वही असली सनातन है. ऑक्सीजन या नदियों का पानी कभी किसी की जाति या धर्म पूछकर नहीं मिलता. इसके अलावा, रामचरितमानस और ताड़न के विवाद पर बोलते हुए उन्होंने गीता प्रेस का जिक्र किया और कहा कि गीता प्रेस द्वारा 35 लाख प्रतियां छापकर यह साबित कर दिया गया कि पूर्व में गलत अर्थ जोड़े गए थे.

बेटा-बेटी के सवाल पर भड़के स्वामी प्रसाद मौर्य

पॉडकास्ट के दौरान जब स्वामी प्रसाद मौर्य से उनके बच्चों- यानी पूर्व बीजेपी सांसद बेटी संघमित्रा मौर्य और बेटे उत्कर्ष की अलग-अलग राजनीतिक राहों और परिवार के असर को लेकर सवाल किया गया, तो वह काफी भड़क गए. उन्होंने बेटा-बेटी से जुड़े सवाल को "घटिया सोच" करार दिया.

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह विद्यार्थी जीवन से लेकर अब तक एससी-एसटी, ओबीसी और दबे-कुचले समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं, और इस पूरी राजनीतिक यात्रा को सिर्फ बेटा-बेटी तक समेटना गलत है. उन्होंने स्पष्ट किया कि संघमित्रा मौर्य पूरी तरह से बीजेपी के रंग में रंग चुकी हैं और पार्टी की सक्रिय नेता हैं. इसलिए उनका अपनी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. उनका पूरा फोकस फिलहाल अपने राजनीतिक मिशन और बेटे के राजनीतिक भविष्य पर है.

बेटे के राजनीतिक भविष्य के लिए नरम पड़े स्वामी 

भले ही स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी छोड़कर अपनी अलग पार्टी बना ली हो और वह लगातार सियासी मैदान में सक्रिय हों. लेकिन अपने बेटे के टिकट और भविष्य को लेकर उनके सुर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सामने नरम पड़ते नजर आए.

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने बेटे को लड़ाने के लिए सपा से उम्मीद लगाए बैठे हैं, तो उन्होंने बताया कि पहले अखिलेश यादव ने खुद उनके बेटे को एडजस्ट करने की बात कही थी. हालांकि उनकी मुख्य बातचीत इस समय कांग्रेस से चल रही है, लेकिन गठबंधन और पुराने संबंधों के लिहाज से यदि जरूरत पड़ी तो उन्हें अखिलेश यादव से बात करने में कोई गुरेज नहीं है. उन्होंने कहा कि राजनीति में यदि उन्होंने कभी झुकना पड़ा है, तो अखिलेश यादव को भी दरियादिली दिखाते हुए उनके बेटे के लिए आगे आना चाहिए.

ये भी पढ़ें: केदारेश्वर मंदिर पर पहुंचे अखिलेश यादव, अयोध्या जाने से पहले मीडिया के सामने बता दिया अपना प्लान