UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. प्रयागराज की शहर दक्षिणी विधानसभा सीट पर भी चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. इस सीट पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा है और उत्तर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी यहां से विधायक हैं. वह लगातार तीन बार इस सीट से जीत दर्ज कर चुके हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या बीजेपी एक बार फिर नंदी पर भरोसा जताएगी? वहीं, उनके सामने समाजवादी पार्टी किसे चुनावी मैदान में उतारेगी? क्या पूर्व विधायक परवेज अहमद टंकी को फिर मौका मिलेगा या पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी?
ADVERTISEMENT
तीन बार से विधायक हैं नंद गोपाल नंदी
प्रयागराज की शहर दक्षिणी सीट पर नंद गोपाल गुप्ता नंदी का लंबे समय से प्रभाव रहा है. वह पहले बहुजन समाज पार्टी में थे और इसी पार्टी के टिकट पर पहली बार इस सीट से विधायक बने थे. इसके बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया और पार्टी के टिकट पर लगातार दो बार चुनाव जीते. इस तरह नंदी पिछले तीन चुनावों से शहर दक्षिणी सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे हैं. वह अलग-अलग सरकारों में मंत्री भी रह चुके हैं. मौजूदा समय में योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं.
नंदी की राजनीतिक ताकत के पीछे उनके व्यक्तिगत जनाधार और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को भी अहम माना जाता है. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, नंदी ने क्षेत्र में अपना अलग कार्यकर्ता आधार तैयार किया है, जिसे स्थानीय स्तर पर 'नंदी नेटवर्क' कहा जाता है. दावा किया जाता है कि पार्टी बदलने के बावजूद उनका यह नेटवर्क उनके साथ बना रहता है. इसी वजह से दूसरे प्रत्याशियों के मुकाबले उनकी चुनावी स्थिति अलग मानी जाती है. एक राजनीतिक विश्लेषक के मुताबिक नंदी करीब 20 हजार वोटों के आधार के साथ चुनावी मुकाबले में उतरते हैं.
बीजेपी में दावेदार कई, लेकिन नंदी की दावेदारी मजबूत
शहर दक्षिणी सीट से बीजेपी में दावेदारों की कमी नहीं बताई जा रही है, लेकिन नंद गोपाल नंदी के राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए उन्हें चुनौती देना आसान नहीं माना जा रहा. वह कई बार के विधायक होने के साथ प्रदेश सरकार में मंत्री भी हैं. इसके अलावा उनकी पत्नी भी प्रयागराज की मेयर रह चुकी हैं और सक्रिय राजनीति में हैं. ऐसे में नंदी का परिवार भी क्षेत्र की राजनीति में अपनी मौजूदगी रखता है. फिलहाल उनके मुकाबले बीजेपी में किसी दूसरे मजबूत चेहरे की चर्चा सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें- अयोध्या सीट पर चुनाव में क्या होने जा रहा? सपा के पवन पांडे ने जमकर सुना डाला
सपा में परवेज अहमद टंकी समेत कई नाम चर्चा में
बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्षी उम्मीदवार के चयन की होगी. समाजवादी पार्टी में शहर दक्षिणी सीट से टिकट के कई दावेदार बताए जा रहे हैं. इनमें सबसे चर्चित नाम पूर्व विधायक परवेज अहमद टंकी का है. वह इस सीट से पहले विधायक रह चुके हैं और एक बार फिर नंद गोपाल नंदी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक क्षेत्र में उनकी पकड़ और पुराने चुनावी अनुभव के कारण वह सपा के मजबूत दावेदारों में शामिल हैं.
हालांकि, परवेज अहमद टंकी के नाम के साथ एक राजनीतिक चुनौती भी जुड़ी हुई है. चर्चा है कि मुस्लिम उम्मीदवार उतारे जाने पर चुनाव का मुद्दा हिंदू बनाम मुस्लिम होने की आशंका रहती है. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी अलग-अलग क्षेत्रों में मुस्लिम प्रतिनिधित्व बनाए रखने की कोशिश भी करती है. ऐसे में पार्टी के सामने उम्मीदवार चुनते समय दोनों पहलुओं को ध्यान में रखने की चुनौती होगी.
रईस शुक्ला के बाद इन नेताओं ने भी ठोकी दावेदारी
पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से रईस शुक्ला मैदान में उतरे थे. वह करीब 26 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे. इस बार भी सपा में उनके नाम को लेकर चर्चा है. इसके अलावा बब्बन दुबे, शशांक त्रिपाठी और मोहम्मद सारिक भी टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं. मोहम्मद सारिक लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और पार्टी से टिकट मांग रहे हैं.
एक अन्य नाम विदुप अग्रहरी का भी सामने आया है. वह हाल ही में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं. चर्चा है कि यदि पार्टी उन्हें नंदी के मुकाबले उतारती है तो दोनों उम्मीदवार एक ही बिरादरी से होने के कारण मुकाबला दिलचस्प हो सकता है. हालांकि, चुनाव में केवल आर्थिक स्थिति ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में जनता के बीच पकड़ और जमीनी जुड़ाव भी अहम भूमिका निभाएगा.
अतीक अहमद के वोट बैंक से बदला सीट का समीकरण
शहर दक्षिणी विधानसभा सीट के राजनीतिक समीकरण में परिसीमन के बाद बदलाव की बात भी कही जा रही है. पहले पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र का जो बड़ा हिस्सा था, उसमें शामिल करेली क्षेत्र अब शहर दक्षिणी सीट का हिस्सा है. इस इलाके के मतदाताओं का राजनीतिक प्रभाव भी इस सीट पर दिखाई देता है. बताया जाता है कि इसी बदले समीकरण के सहारे परवेज अहमद टंकी ने एक बार यहां से जीत हासिल की थी. वह समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान विधायक बने थे.
बसपा से देवेंद्र मिश्र नागर का नाम चर्चा में
बीजेपी और समाजवादी पार्टी के अलावा बहुजन समाज पार्टी की ओर से भी शहर दक्षिणी सीट पर उम्मीदवार को लेकर चर्चा है. फिलहाल देवेंद्र मिश्र नागर का नाम सामने आ रहा है. बसपा ने उन्हें इस सीट का प्रभारी बनाया हुआ है. पार्टी में प्रभारी बनाए जाने को टिकट की संभावित दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, बसपा में उम्मीदवारों के नाम बदलने की संभावना बनी रहती है, इसलिए यह देखना होगा कि चुनाव तक उनका नाम बरकरार रहता है या नहीं.
फिलहाल शहर दक्षिणी सीट पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि बीजेपी एक बार फिर नंद गोपाल नंदी को मैदान में उतारेगी या किसी दूसरे चेहरे को मौका देगी. वहीं, समाजवादी पार्टी परवेज अहमद टंकी जैसे पुराने चेहरे पर भरोसा जताएगी या बब्बन दुबे, शशांक त्रिपाठी, मोहम्मद सारिक और विदुप अग्रहरी में से किसी को टिकट देगी. बसपा के देवेंद्र मिश्र नागर की दावेदारी भी चुनावी मुकाबले को प्रभावित कर सकती है. अंतिम फैसला पार्टियों के टिकट ऐलान के बाद ही साफ होगा.
ADVERTISEMENT











