कन्नौज में BJP विधायक के पारिवारिक भाई अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता पर लगे आरोप

प्रभम श्रीवास्तव

09 Nov 2026 (अपडेटेड: 09 Nov 2026, 11:07 AM)

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में दीपावली की रात गोली मारकर अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी की हत्या कर दी गई. वह छिबरामऊ से बीजेपी विधायक अर्चना पांडे के पारिवारिक भाई बताए जा रहे हैं.

अनुज चतुर्वेदी

अनुज चतुर्वेदी (फाइल-फोटो)

Google CTA

Kannauj Murder Case: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में दीपावली की रात गोली मारकर अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी की हत्या कर दी गई. वह छिबरामऊ से बीजेपी विधायक अर्चना पांडे के पारिवारिक भाई बताए जा रहे हैं. इस वारदात का आरोप कांग्रेस के जिला महासचिव अमूल दीक्षित पर लगा है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अनुज पर चार राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. वहीं, विधायक अर्चना पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचीं और फूट-फूटकर रोती नजर आईं. पुलिस ने मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की हैं.

यह भी पढ़ें...

थाने के पास गली में हुई वारदात

यह घटना छिबरामऊ कोतवाली के पास की बताई जा रही है. मृतक की पहचान अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस जिला महासचिव अमूल दीक्षित पुत्र अवध बिहारी दीक्षित पर हत्या का आरोप है. आरोप है कि उसने अनुज पर लगातार चार गोलियां चलाईं. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी.

बीजेपी MLA अर्चना पांडे का पारिवारिक भाई था मृतक

अनुज कुमार चतुर्वेदी को छिबरामऊ से बीजेपी विधायक अर्चना पांडे का पारिवारिक भाई बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने पर विधायक मौके पर पहुंचीं. इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आईं और फूट-फूटकर रोने लगीं. पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की जांच के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं. हत्या के पीछे जमीन की रंजिश होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है.

मृतक के भाई ने बताई झगड़े की वजह

मृतक के भाई धीरज चतुर्वेदी के मुताबिक घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई. उन्होंने बताया कि अमूल दीक्षित का उनके छोटे भाई से झगड़ा हुआ था और आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया था. इसके बाद अनुज ने आरोपी से थप्पड़ मारने की वजह पूछी. धीरज का आरोप है कि इसी दौरान अमूल ने पिस्तौल निकालकर उनके भाई पर चार गोलियां चला दीं. उन्होंने बताया कि गोलीबारी थाने के सामने वाली गली में हुई. धीरज ने हत्या के पीछे चुनावी रंजिश की बात कही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- यूपी के युवाओं को अब दिल्ली-लखनऊ जाने की जरूरत नहीं, इस सरकारी योजना में मिल रही मुफ्त कोचिंग