पीलीभीत की पूरनपुर सीट: क्या बाबूराम पासवान को फिर मिलेगा बीजेपी का टिकट, या सपा मारेगी बाजी? जानिए पूरा सियासी समीकरण

रजत सिंह

• 09:45 AM • 11 Nov 2026

हाथरस भगदड़ के बाद भोले बाबा के साथ बीजेपी विधायक की गाड़ी में दिखे बाबूराम पासवान अब सियासी चर्चा में हैं. पूरनपुर सीट पर क्या बीजेपी उन्हें तीसरी बार मौका देगी या लेखराज भारती समेत दूसरे दावेदारों पर खेलेगी दांव? सपा की रणनीति भी अहम होगी.

Baburam Paswan

Baburam Paswan

Google CTA

हाथरस के चर्चित भोले बाबा के सत्संग में हुई भगदड़ के बाद जब बाबा कोर्ट पहुंचे, तो वो बीजेपी विधायक की गाड़ी में नजर आए थे. इसके बाद अचानक एक नाम सुर्खियों में छा गया-बाबूराम पासवान. पीलीभीत की सुरक्षित विधानसभा सीट पूरनपुर से दो बार के बीजेपी विधायक बाबूराम पासवान का इस इलाके में खासा सियासी दबदबा और पासवान वोट बैंक पर मजबूत पकड़ मानी जाती है. लेकिन इस विवाद और लगातार दो कार्यकाल पूरा करने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या बीजेपी उन्हें तीसरी बार टिकट देगी या फिर प्रदेश में टिकट काटने की चर्चाओं के बीच उनका पत्ता साफ होगा? आइए जानते हैं पूरनपुर सीट से बीजेपी और सपा (इंडिया गठबंधन) के प्रमुख दावेदारों का पूरा गणित.

यह भी पढ़ें...

बीजेपी में टिकट की रेस: बाबूराम पासवान के सामने कौन?

पूरनपुर सीट रिजर्व होने के कारण यहां पासी समाज का वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है. बाबूराम पासवान का टिकट इसलिए मजबूत माना जाता है क्योंकि वह लगातार दो बार से जीतते आ रहे हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ है. हालांकि अगर पार्टी एंटी-इंकंबेंसी या रणनीति के तहत उनका टिकट काटती है, तो कई अन्य दावेदार लाइन में खड़े हैं.

लेखराज भारती: बीजेपी में बाबूराम के बाद सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. वर्तमान में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष हैं और संगठन में काफी सक्रिय हैं. पिछली बार भी दावेदारी कर रहे थे और बीते 10 सालों से लगातार जनता के बीच बने हुए हैं.

प्रणय वीर: एक प्रशासनिक अधिकारी, जो चर्चा में हैं. माना जा रहा है कि अगर पार्टी उन्हें मौका देती है तो वह अपनी सेवा छोड़कर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं.

सुषमा देवी: एससी कोटे से महिला दावेदार के रूप में लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रही हैं और अपनी पैठ बना रही हैं.

बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों और स्थानीय समीकरणों के मुताबिक मुख्य मुकाबला विधायक बाबूराम पासवान और लेखराज भारती के बीच ही देखा जा रहा है.

समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन: दावेदारों की लंबी फेहरिस्त

सपा (इंडिया गठबंधन) के खेमे में दावेदारों की मेरिट काफी लंबी है, क्योंकि हाल के दिनों में अन्य दलों से आए नेताओं ने भी सपा का दामन थामा है.

आरती महेंद्र: पूरनपुर से पूर्व विधायक रहे प्रीतम राम की बहू और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र इस वक्त सबसे प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं. वह हालिया आंदोलनों और प्रदर्शनों में समर्थकों के साथ सक्रिय रही हैं.

राजकुमार राजू: पूर्व विधायक प्रीतम राम के भांजे और समाजवादी उप जनसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष. वह पिछले 10 सालों से क्षेत्र में सक्रिय हैं और मजबूती से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.

अशोक राजा: बीएसपी और बीजेपी का सफर तय कर सपा में शामिल हुए अशोक राजा भी टिकट की रेस में पूरी ताकत लगाए हुए हैं.

क्या कहता है पूरनपुर का सियासी समीकरण?

पूरनपुर विधानसभा सीट का चुनाव किसी तीसरे दल या छोटे गठबंधन से ज्यादा सीधे तौर पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच माना जा रहा है. चुकी यह सुरक्षित सीट है, इसलिए उम्मीदवारों का चयन दलित समुदाय के वोटों के बिखराव को रोकेगा.

अब देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी अपने सिटिंग एमएलए बाबूराम पासवान पर ही दोबारा भरोसा जताती है या लेखराज भारती जैसे सक्रिय संगठनकर्ता पर दांव खेलती है. वहीं सपा किसे मैदान में उतारकर बीजेपी के इस किले को ढहाने की कोशिश करती है.

ये भी पढ़ें: बृजेश प्रजापति ने बताया 'अमित शाह का जासूस', तो सुनकर भड़क गए स्वामी प्रसाद मौर्य