उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव करते दिखाई दे रहे हैं. अब उनकी कोशिश सिर्फ यादव और मुस्लिम वोटों तक सीमित रहने की नहीं है.
ADVERTISEMENT
PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के दायरे को बढ़ाकर दूसरी जातियों, व्यापारियों, महिलाओं और उन वर्गों तक पहुंच बनाने में जुटे हैं, जिन्हें अब तक समाजवादी पार्टी का पारंपरिक वोटर नहीं माना जाता था. हालिया MLC चुनाव के नतीजों के बाद उनकी इस रणनीति पर चर्चा और तेज हो गई है.
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने पांच सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी के खाते में छह सीटें आईं. सपा के लिए वाराणसी और लखनऊ जैसी सीटों पर मिली जीत को राजनीतिक रूप से खास माना जा रहा है.
इसी मुद्दे पर यूपी Tak के कार्यक्रम 'मुद्दे की बात' में सीनियर एडिटर नीरज गुप्ता ने वरिष्ठ पत्रकार पंकज झा से बातचीत की. इस चर्चा में समझने की कोशिश की गई कि MLC चुनाव के नतीजों के बाद अखिलेश यादव किस तरह अपनी राजनीति का विस्तार कर रहे हैं और बीजेपी के सामने किन सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों की चुनौती खड़ी हो सकती है.
PDA में अब नए वर्गों को जोड़ने की कोशिश
पंकज झा ने कहा कि अखिलेश यादव अब उन जातियों और समुदायों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें लंबे समय तक भाजपा का मजबूत वोटर माना जाता रहा है. इसमें वैश्य समाज, कुर्मी समाज, ब्राह्मण और दूसरी पिछड़ी जातियां शामिल हैं.
उन्होंने आगरा से सपा समर्थित प्रत्याशी आकाश अग्रवाल की जीत का उदाहरण दिया. पंकज झा के मुताबिक, आकाश अग्रवाल पहले बीजेपी से टिकट मांग रहे थे. बाद में सपा के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे और जीत हासिल की. अखिलेश यादव ने भी उन्हें सम्मानित किया और इस जीत को वैश्य समाज तक पार्टी की पहुंच बढ़ने के संकेत के तौर पर पेश किया.
पंकज झा का कहना था कि अखिलेश यादव PDA के पुराने दायरे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. वह अब सिर्फ उन वर्गों पर निर्भर नहीं रहना चाहते, जिन्हें पहले से सपा का समर्थक माना जाता रहा है. उनकी कोशिश है कि अलग-अलग जातियों और समुदायों के ऐसे नेताओं को पार्टी से जोड़ा जाए, जिनका अपने समाज में प्रभाव है.
कुर्मी और दूसरी पिछड़ी जातियों पर भी नजर
पंकज झा ने बातचीत में कुर्मी समाज का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 2014 के बाद गैर-यादव ओबीसी वर्गों को अपने साथ जोड़ने के लिए काफी काम किया था. कुर्मी समाज को इस सामाजिक समीकरण का एक बड़ा हिस्सा माना जाता रहा है, लेकिन अब इस वर्ग में भी राजनीतिक बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं.
उन्होंने बांदा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बीजेपी के कुर्मी प्रत्याशी के सामने सपा के कुर्मी प्रत्याशी को जीत मिली. इसी तरह अखिलेश यादव अलग-अलग पिछड़ी जातियों के नेताओं को पार्टी में जगह दे रहे हैं. उनके मुताबिक, यह केवल नेताओं को पार्टी में शामिल कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन समाजों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ बनाने की कोशिश है.
पंकज झा ने धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति का भी जिक्र किया. दोनों पहले अखिलेश यादव से मिल चुके थे, लेकिन बाद में सपा में शामिल होने के लिए बाकायदा कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसी तरह दारा सिंह प्रजापति को भी पार्टी में शामिल कराकर उन्हें राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
उनका विश्लेषण था कि अखिलेश यादव अब छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन के भरोसे रहने के बजाय अलग-अलग समाजों में अपना नेतृत्व तैयार करने पर जोर दे रहे हैं.
महिलाओं को ज्यादा टिकट देने की बात
इस बातचीत में महिला वोटरों का मुद्दा भी उठा. पंकज झा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कमजोरियों में महिला प्रतिनिधित्व भी एक मुद्दा रहा है. बीजेपी ने महिलाओं के बीच अपनी पकड़ बनाने के लिए कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं को लेकर लगातार काम किया है.
कार्यक्रम में अखिलेश यादव के उस बयान का भी जिक्र हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस बार समाजवादी पार्टी महिलाओं को बीजेपी से ज्यादा टिकट देगी.
पंकज झा के मुताबिक, अगर अखिलेश यादव अपनी इस बात को टिकट बंटवारे में लागू करते हैं तो उनकी रणनीति का एक नया हिस्सा होगा. पार्टी की रैलियों और मंचों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर भी उन्होंने बात की.
जीत के बाद कार्यकर्ताओं को हुड़दंग से बचने की नसीहत
अखिलेश यादव की रणनीति का एक और पहलू चुनावी माहौल और पार्टी की छवि से जुड़ा है. MLC चुनाव में जीत के बाद उन्होंने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से विजय जुलूस नहीं निकालने की अपील की थी. उन्होंने जीत का जश्न सोशल मीडिया पर मनाने की बात कही.
पंकज झा ने इस फैसले को सपा की पुरानी छवि से जोड़कर समझाया. उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी पर अक्सर कार्यकर्ताओं के हुड़दंग और सड़क पर अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगते रहे हैं. इसका राजनीतिक नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है.
बीजेपी के सामने क्या है चुनौती?
नीरज गुप्ता ने सवाल भी उठाया कि क्या बीजेपी अब भी हिंदुत्व के मुद्दे पर ही अपनी पूरी रणनीति बनाए रखेगी या फिर उसे सामाजिक समीकरणों पर नए सिरे से काम करना होगा.
इस पर पंकज झा ने कहा कि बीजेपी ने 2014 के बाद हिंदुत्व और सामाजिक इंजीनियरिंग का एक साथ इस्तेमाल किया था. गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव दलित वर्गों को जोड़कर पार्टी ने अपना बड़ा सामाजिक आधार तैयार किया. लेकिन अब अलग-अलग वर्गों के बीच टकराव और असंतोष की स्थिति उसके लिए चुनौती बन सकती है.
उन्होंने UGC के नए दिशानिर्देशों को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया और कहा कि सामान्य वर्ग और दूसरे सामाजिक समूहों के बीच पैदा हुई खींचतान ने बीजेपी के पुराने सामाजिक समीकरण को प्रभावित किया है.
उनके मुताबिक, राम मंदिर और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों पर बीजेपी को पहले जिस तरह का समर्थन मिला था, वैसा समर्थन UCC यानी समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर मिलना जरूरी नहीं है. बीजेपी के सामने पुराने चुनावी मुद्दों के साथ नए सामाजिक सवालों का जवाब देने की चुनौती भी है.
क्या MLC चुनाव के नतीजे 2027 की तस्वीर बदलेंगे?
MLC चुनाव और विधानसभा चुनाव का मतदाता वर्ग अलग होता है, इसलिए इन नतीजों को सीधे विधानसभा चुनाव का परिणाम मानना सही नहीं होगा. इन चुनावों से राजनीतिक दलों को अपने समर्थकों के रुझान और संगठन की स्थिति समझने का मौका जरूर मिलता है.
कार्यक्रम के आखिर में चर्चा का निष्कर्ष यही रहा कि अखिलेश यादव उन मुद्दों और वर्गों पर काम कर रहे हैं, जिन्हें पहले समाजवादी पार्टी की कमजोर कड़ी माना जाता था. PDA में नए समाजों को जोड़ना, महिलाओं को ज्यादा टिकट देने की बात और कार्यकर्ताओं की छवि सुधारने की कोशिश इसी रणनीति के हिस्से हैं.
ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले सपा-बसपा को झटका, बीजेपी में शामिल हुए पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और अनिल यादव
ADVERTISEMENT











