यूपी चुनाव से पहले सपा-बसपा को झटका, बीजेपी में शामिल हुए पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और अनिल यादव

आयशा शेख़

• 02:49 PM • 11 Nov 2026

यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने दूसरे दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ना शुरू कर दिया है. बुधवार को लखनऊ में सपा और बसपा से जुड़े दो नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है. बुधवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से जुड़े नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के अनिल यादव ने पार्टी की सदस्यता ली.

यह भी पढ़ें...

लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों नेताओं को बीजेपी में शामिल कराया गया. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह और दयाशंकर सिंह समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे.

कौन हैं अरविंद चौधरी, जो सपा सांसद के परिवार से रखते हैं रिश्ता?

बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ था. 2009 के लोकसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर बस्ती सीट से चुनाव जीते थे. 2014 तक सांसद रहे. इसके बाद 2019 में उन्होंने बसपा छोड़ दी थी. 

अरविंद चौधरी का रिश्ता बस्ती से समाजवादी पार्टी के सांसद राम प्रसाद चौधरी के परिवार से भी है. राम प्रसाद चौधरी के भतीजे हैं. राम प्रसाद चौधरी पहले बसपा में थे, लेकिन बाद में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे. 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने सपा के टिकट पर बस्ती सीट से जीत हासिल की थी. 

अरविंद चौधरी का बीजेपी में शामिल होना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनके परिवार का राजनीतिक जुड़ाव सपा से है. बस्ती और आसपास के इलाकों में कुर्मी मतदाताओं के बीच राम प्रसाद चौधरी की राजनीतिक पकड़ रही है. बीजेपी में अरविंद की एंट्री को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हो रही हैं.

2027 चुनाव से पहले दल बदलने का सिलसिला

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले बीजेपी, सपा और बसपा में नेताओं की आवाजाही बढ़ रही है. बीजेपी इससे पहले भी सपा के बागी विधायकों को पार्टी में शामिल करा चुकी है. अक्टूबर 2026 में राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी बीजेपी में शामिल हुए थे. 

ये भी पढ़ें- चंद्रशेखर आजाद ने बता दी BJP की ताकत बढ़ने की वजह, जयंत चौधरी का भी लिया नाम