80-20 से आगे बढ़े अखिलेश और योगी को दिया जवाब, अब यूपी की सियासत में किसकी बात कर रहे हैं?
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने 80-20 वाले फॉर्मूले के जवाब में 95-5 का नया राजनीतिक गणित पेश किया है. उन्होंने 95 फीसदी लोगों को परेशान और अपमानित बताया, जबकि 5 फीसदी को शोषण करने वाला वर्ग कहा.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अब राजनीतिक लड़ाई 80-20 की नहीं, बल्कि 95-5 की हो गई है. उन्होंने 95 फीसदी लोगों को परेशान, दुखी और अपमानित बताया, जबकि बाकी 5 फीसदी को शोषण करने वाला वर्ग कहा.
अखिलेश यादव ने कहा कि 95 फीसदी लोगों की लड़ाई पांच फीसदी शोषण करने वालों से है. उनके मुताबिक, जब मुकाबला 95 और 5 के बीच होगा तो बीजेपी नेताओं को समझ नहीं आएगा कि वे कहां खड़े हैं. उन्होंने कहा कि इसी वजह से बीजेपी नेताओं की भाषा और व्यवहार में बदलाव आया है.
अखिलेश का बयान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने 80-20 वाले राजनीतिक बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. योगी आदित्यनाथ ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 80-20 के फॉर्मूले का इस्तेमाल किया था. अब अखिलेश ने इसी गणित को नया रूप देते हुए 95-5 का फॉर्मूला पेश किया है.
क्या है अखिलेश यादव का 95-5 वाला फॉर्मूला?
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि प्रदेश की 95 फीसदी आबादी परेशानियों का सामना कर रही है. इस वर्ग में वे लोग शामिल हैं, जो खुद को दुखी, परेशान और अपमानित महसूस कर रहे हैं. दूसरी तरफ उन्होंने पांच फीसदी लोगों को शोषण करने वाला बताया.
सपा अध्यक्ष का कहना है कि अब प्रदेश की राजनीति में मुकाबला इन्हीं दो वर्गों के बीच है. उन्होंने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब 95 फीसदी लोग एक तरफ होंगे तो पांच फीसदी लोगों के लिए मुकाबला आसान नहीं रहेगा.
यह बयान ऐसे समय आया है, जब सपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है. पार्टी पहले से ही PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को अपने राजनीतिक अभियान का प्रमुख आधार बना रही है.
अयोध्या के राम मंदिर भी जाएंगे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव से जब अयोध्या में राम मंदिर जाने की योजना को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अयोध्या ही नहीं जाएंगे, बल्कि इटावा के केदारेश्वर मंदिर और वृंदावन भी जाएंगे. उन्होंने कहा, "अयोध्या ही नहीं, हम केदारेश्वर और वृंदावन भी जाएंगे."
क्या है 80-20 का पुराना राजनीतिक फॉर्मूला?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 80-20 का फॉर्मूला 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले चर्चा में आया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी 2022 में कहा था कि यूपी का चुनाव 80 फीसदी और 20 फीसदी के बीच होगा.
उस समय योगी आदित्यनाथ ने 80 फीसदी को बीजेपी का समर्थक और 20 फीसदी को उसका विरोध करने वाला वर्ग बताया था. बाद में उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका बयान जाति या धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि सरकार के काम और उसके समर्थन के संदर्भ में था.
अब अखिलेश यादव ने इसी पुराने फॉर्मूले के जवाब में 95-5 की बात कही है. उन्होंने इसे परेशान और शोषित लोगों बनाम शोषण करने वालों की लड़ाई बताया है.
ये भी पढ़ें- '12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए' अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर यूपी BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कसा तंज!
