लेटेस्ट न्यूज़

UP में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी बनाएगी तीसरा मोर्चा, सपा-कांग्रेस-BSP की बढ़ सकती है चुनौती

UP Political News: यूपी चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने जा रहे हैं. जानिए इस गठबंधन का सियासी समीकरण और संभावित असर.

ADVERTISEMENT

File Photo: Asaduddin Owaisi and Chandrashekhar Azad
File Photo: Asaduddin Owaisi and Chandrashekhar Azad
social share
Google CTA

UP Political News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एक नए राजनीतिक मोर्चे का ऐलान करने जा रही हैं. दोनों दलों के शीर्ष नेता आज चुनावी गठबंधन की औपचारिक घोषणा करेंगे. इस गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया जाएगा. हाल के दिनों में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच मुलाकातें हुई थीं. अब दोनों नेता लखनऊ में इस गठबंधन को अंतिम रूप देने वाले हैं. यहीं से तीसरे मोर्चे के गठन की औपचारिक घोषणा की जाएगी.

विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों का यह गठजोड़ प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बना सकता है. दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ लाने की इस कोशिश से समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है. इस राजनीतिक समझौते का असर पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 20 से अधिक विधानसभा सीटों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.

AIMIM ने इन सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

AIMIM की रणनीति मुख्य रूप से उन विधानसभा क्षेत्रों पर केंद्रित है, जहां मुस्लिम आबादी चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की स्थिति में है. इसी को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दौरे कर रहे हैं. पार्टी बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा और कैराना सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर चुकी है.

अपनी रैलियों में ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को निशाने पर लेते रहे हैं. उन्होंने कई बार अखिलेश यादव पर राजनीतिक हमले किए हैं. ऐसे में जानकारों का मानना है कि यदि तीसरा मोर्चा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करने में सफल रहता है तो विपक्षी वोटों के बंटवारे का फायदा बीजेपी को मिल सकता है.

2022 में AIMIM ने 95 सीटों पर लड़ा था चुनाव

पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022 में AIMIM ने 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और उसे करीब 0.49 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़कर 0.13 फीसदी वोट हासिल किए थे. इसके बाद हुए निकाय चुनावों में AIMIM ने बेहतर प्रदर्शन किया था. पार्टी के पांच उम्मीदवार नगर पालिका अध्यक्ष और 83 उम्मीदवार पार्षद का चुनाव जीते थे.

अब दोनों पार्टियां मिलकर तीसरे मोर्चे के गठन की तैयारी में हैं. दोनों दलों का फोकस कुंदरकी, संभल, असमोली, बिलारी, रामपुर, मेरठ, नगीना, कानपुर कैंट, आजमगढ़, जौनपुर, बहराइच और श्रावस्ती जैसे क्षेत्रों पर है. इससे पहले कुंदरकी विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में AIMIM के मोहम्मद वारिस को 14,251 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को एक लाख 25 हजार से ज्यादा वोट मिले थे. इस सीट पर बीजेपी दूसरे स्थान पर रही थी. ऐसे में दोनों दलों का साथ आना इस क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है.

क्या आजाद समाज पार्टी काटेगी बसपा का वोट

पिछले विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों के रुझानों के आधार पर माना जा रहा है कि नया गठबंधन कई सीटों के चुनावी नतीजों पर असर डाल सकता है. AIMIM की कोशिश समाजवादी पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक में अपनी जगह बनाने की हो सकती है. वहीं, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की मौजूदगी से बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के दलित वोटों में भी बंटवारा हो सकता है.

ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ अपना दल (कमेरावादी), महान दल और पीस पार्टी जैसे दलों के भी जुड़ने की चर्चा है. करीब 38 से 40 फीसदी दलित-मुस्लिम वोट बैंक को इस रणनीति का आधार माना जा रहा है. ऐसे में सवाल है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का यह तीसरा मोर्चा यूपी की राजनीति में नए समीकरण तैयार करेगा या विपक्षी वोटों के बंटवारे से समाजवादी पार्टी की चुनौती बढ़ाएगा?

ये भी पढ़ें: आजम खान की गिरफ्तारी पर भड़के AIMIM के प्रवक्ता वारिस पठान, बोले- 'बीजेपी ने मुसलमानों के खिलाफ जंग छेड़ दी है