लेटेस्ट न्यूज़

21 दिनों से क्यों बंद है नोएडा सेक्टर-61 को सेक्टर-18 से कनेक्ट करने वाली एलिवेटेड रोड, कब तक रहेगी ये परेशानी?

नोएडा में सेक्टर-27 से सेक्टर-61 जाने वाला एलिवेटेड रोड 21 दिनों से बंद है. बार-बार एक ही जगह गड्ढा बनने के बाद IIT रुड़की से इसकी जांच कराई गई. जांच में राहत की बात सामने आई है कि सड़क का बाकी हिस्सा मजबूत है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

नोएडा के सेक्टर-27 से सेक्टर-61 को जोड़ने वाला एलिवेटेड रोड पिछले 21 दिनों से बंद है. सड़क पर बार-बार गड्ढा होने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने इसकी जांच IIT रुड़की से कराई. अब जांच में पता चला है कि एलिवेटेड रोड के बाकी हिस्से मजबूत हैं. कमजोरी सिर्फ उसी कंक्रीट पैनल में मिली है, जहां बार-बार गड्ढा बन रहा था. जांच पूरी हो चुकी है और गुरुवार तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है. इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाएगी.

करीब 4.8 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड पर यातायात बंद होने से रोजाना सफर करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. खासकर सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन पर वाहन नहीं चल पा रहे हैं. प्राधिकरण अब मरम्मत की तैयारी कर रहा है. कोशिश है कि सड़क को ठीक करने के लिए ज्यादा तोड़फोड़ न करनी पड़े.

बार-बार एक ही जगह क्यों बन रहा था गड्ढा?

एलिवेटेड रोड की सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन पर सबसे पहले 18 अक्टूबर को गड्ढा हुआ था. नोएडा प्राधिकरण ने उस समय इसकी मरम्मत कराकर गड्ढा भरवा दिया था. दो दिन बाद 20 अक्टूबर को उसी जगह फिर से गड्ढा बन गया.

इसके बाद प्राधिकरण ने 21 अक्टूबर से इस लेन पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी. शुरुआती जांच में पता चला कि गड्ढा सड़क की सबसे ऊपर वाली बिटुमिन की परत में नहीं, बल्कि उसके नीचे मौजूद कंक्रीट के पैनल में बना था.

पैनल करीब 11 मीटर लंबा और 2.5 मीटर चौड़ा है. एलिवेटेड रोड बनाते समय ऐसे कंक्रीट पैनल निर्माण स्थल से अलग एक कास्टिंग यार्ड में तैयार किए गए थे. बाद में इन्हें निर्माण स्थल पर लाकर लगाया गया था.

IIT रुड़की ने बिना सड़क तोड़े कैसे की जांच?

कंक्रीट के पैनल से सामग्री झड़ने के बाद पूरे एलिवेटेड रोड की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे थे. फिर नोएडा प्राधिकरण ने सिर्फ गड्ढे वाले हिस्से की नहीं, बल्कि पूरे एलिवेटेड रोड की जांच कराने का फैसला लिया.

इसके लिए IIT रुड़की की टीम ने अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक का इस्तेमाल किया. इस तकनीक के विशेषज्ञ टिम वाला को अमेरिका से बुलाया गया था. उन्होंने IIT रुड़की के विशेषज्ञों के साथ मिलकर सड़क की जांच की.

इस तकनीक में सड़क की परत हटाने या कंक्रीट को काटने की जरूरत नहीं पड़ती. विशेष अल्ट्रासोनिक तरंगों की मदद से कंक्रीट के अंदर मौजूद दरारों और कमजोर हिस्सों का पता लगाया जाता है.

आमतौर पर पारंपरिक जांच में सड़क की परत हटाकर कंक्रीट के नमूने निकाले जाते हैं. इससे जांच के दौरान संरचना को नुकसान पहुंच सकता है. नई तकनीक से बिना तोड़फोड़ किए ही कंक्रीट की स्थिति का पता लगाया जा सकता है.

सिर्फ एक कंक्रीट पैनल में मिली कमजोरी

जांच के दौरान IIT रुड़की की टीम को पता चला कि एलिवेटेड रोड के बाकी हिस्सों में कोई दूसरी कमजोरी नहीं है. समस्या सिर्फ उसी कंक्रीट पैनल में मिली, जहां बार-बार गड्ढा बन रहा था.

टीम ने इस हिस्से की मरम्मत के लिए भी तकनीकी परीक्षण किए हैं. इसमें पता लगाने की कोशिश की गई कि पैनल को किस तरीके से ठीक किया जाए, ताकि सड़क को ज्यादा तोड़ना न पड़े.

प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद नीचे से शटरिंग लगाकर गड्ढे और उसके आसपास के हिस्से की मरम्मत कराई जाएगी. इस जांच के लिए नोएडा प्राधिकरण IIT रुड़की को करीब 15 लाख रुपये का भुगतान करेगा.

निर्माण के समय ज्यादा कंपन से कमजोर हुआ होगा पैनल?

प्राधिकरण के इंजीनियरों ने कंक्रीट पैनल के कमजोर होने की एक संभावित वजह भी बताई है. उनके मुताबिक, निर्माण के दौरान जरूरत से ज्यादा कंपन होने के कारण पैनल कमजोर हो सकता है.

दरअसल, कंक्रीट के बड़े पैनल कास्टिंग यार्ड में तैयार किए जाते हैं. इसके लिए सीमेंट, मौरंग और दूसरी जरूरी सामग्री को मिलाकर सांचे में डाला जाता है. इसके बाद वाइब्रेटर की मदद से मिश्रण को दबाया जाता है, ताकि कंक्रीट अच्छी तरह जम सके और उसे मजबूती मिले.

इंजीनियरों को आशंका है कि इस प्रक्रिया में जरूरत से ज्यादा कंपन होने की वजह से संबंधित पैनल की मजबूती प्रभावित हुई होगी. लोगों को एलिवेटेड रोड पर दोबारा यातायात शुरू होने के लिए मरम्मत पूरी होने का इंतजार करना होगा.