उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहरों के बीच सफर का समय आने वाले वर्षों में काफी कम हो सकता है. केंद्र सरकार की प्रस्तावित नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर योजना में दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी को जोड़ने की तैयारी है. इस रूट पर ट्रेन चलने से दिल्ली से लखनऊ का सफर महज 2 घंटे 12 मिनट और दिल्ली से वाराणसी का सफर 3 घंटे 33 मिनट में पूरा हो सकेगा.
ADVERTISEMENT
प्रस्तावित कॉरिडोर सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा. करीब 1,500 किलोमीटर लंबा हाईस्पीड रेल रूट दिल्ली से शुरू होकर यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल होते हुए असम के गुवाहाटी तक जाएगा. रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से बताए गए प्रस्तावित यात्रा समय के मुताबिक, दिल्ली से आगरा पहुंचने में सिर्फ 59 मिनट लग सकते हैं.
यूपी के किन शहरों में होगा बुलेट ट्रेन का ठहराव?
प्रस्तावित रूट में उत्तर प्रदेश के छह शहर शामिल हैं. दिल्ली से चलने वाली बुलेट ट्रेन आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन प्रयागराज से आगे बिहार की राजधानी पटना की ओर जाएगी.
कॉरिडोर के प्रस्तावित स्टेशन इस क्रम में होंगे:
1. दिल्ली
2. आगरा
3. कानपुर
4. लखनऊ
5. अयोध्या
6. वाराणसी
7. प्रयागराज
8. पटना
9. सिलीगुड़ी
10. गुवाहाटी
इस रूट से पश्चिमी यूपी, मध्य यूपी और पूर्वांचल के यात्रियों को फायदा मिल सकता है. खासकर दिल्ली, आगरा, कानपुर और लखनऊ के बीच सफर करने वालों के लिए यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है. अयोध्या और वाराणसी जैसे धार्मिक पर्यटन केंद्रों तक भी हाईस्पीड रेल से पहुंचना आसान हो सकता है.
दिल्ली से यूपी के शहरों तक कितना समय लगेगा?
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अलग-अलग शहरों के बीच सफर का अनुमानित समय बताया है.
- दिल्ली से आगरा - 59 मिनट
- दिल्ली से कानपुर - 1 घंटा 45 मिनट
- दिल्ली से लखनऊ - 2 घंटे 12 मिनट
- दिल्ली से वाराणसी - 3 घंटे 33 मिनट
- वाराणसी से प्रयागराज - 33 मिनट
- वाराणसी से लखनऊ - 1 घंटा 21 मिनट
- वाराणसी से आगरा - 2 घंटे 34 मिनट
दिल्ली से गुवाहाटी तक का सफर 8 घंटे से कम में
इस कॉरिडोर को पहले दिल्ली से सिलीगुड़ी तक ले जाने की योजना थी. बाद में इसका विस्तार असम के गुवाहाटी तक करने की बात सामने आई. प्रस्तावित योजना के मुताबिक, दिल्ली से सिलीगुड़ी पहुंचने में करीब 6 घंटे और दिल्ली से गुवाहाटी पहुंचने में 8 घंटे से कम समय लग सकता है.
फिलहाल दिल्ली से सिलीगुड़ी का रेल सफर करीब 20 घंटे का बताया गया है. बुलेट ट्रेन कॉरिडोर तैयार होने पर इस दूरी को लगभग 6 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है.
टिकट का किराया कितना होगा?
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि बुलेट ट्रेन का किराया आम लोगों और मध्यम वर्ग की पहुंच में रखने की कोशिश होगी. उन्होंने यह भी कहा कि इसका किराया हवाई जहाज के टिकट से कम रखा जाएगा.
हालांकि, अभी तक टिकट की कोई निश्चित कीमत घोषित नहीं की गई है. ट्रेन में कितनी श्रेणियां होंगी और अलग-अलग दूरी के लिए कितना किराया देना होगा, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- संभल में मस्जिद पर चलेगा बुलडोजर, कार्रवाई के लिए SDM और 17 लेखपालों की टीम पहुंचेगी
ADVERTISEMENT











