संभल में मस्जिद पर चलेगा बुलडोजर, कार्रवाई के लिए SDM और 17 लेखपालों की टीम पहुंचेगी
संभल के कुतुबपुर सकता गांव में करीम मस्जिद को हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है. करीब 130 वर्गमीटर जमीन पर बने ढांचे को हटाने के पीछे वक्फ बोर्ड की अनुमति से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा पाने का मामला सामने आया है.
ADVERTISEMENT

1/7
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक मस्जिद को हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है. मामला ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के कुतुबपुर सकता गांव का है. यहां आबादी की जमीन पर बनी करीम मस्जिद को ध्वस्त करने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची है. मस्जिद का निर्माण करीब 130 वर्गमीटर जमीन पर कराया गया था. कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं.

2/7
प्रशासन की इस कार्रवाई के लिए एसडीएम विकास चंद्र और तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम पहुंची है. राजस्व विभाग के 17 लेखपालों को भी इस काम में लगाया गया है. मस्जिद परिसर में बने टीन शेड और दूसरे निर्माण को हटाने की तैयारी की गई है. मौके पर पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही है.

3/7
मामला गाटा संख्या 57क से जुड़ा है. इस गाटा संख्या की कुल जमीन 3.367 हेक्टेयर बताई गई है. इसमें से करीब 130 वर्गमीटर हिस्से पर करीम मस्जिद का दोबारा निर्माण कराया गया था. मस्जिद के इस हिस्से में टीन शेड डालकर नया ढांचा तैयार किया गया था.

4/7
इस निर्माण को लेकर उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की अनुमति का मामला सामने आया. वक्फ अधिकारियों ने मस्जिद के मुतवल्ली इरशाद से निर्माण से जुड़े दस्तावेज मांगे थे, लेकिन वह बोर्ड की अनुमति से संबंधित कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाए.

5/7
मस्जिद के निर्माण को लेकर वक्फ अधिकारियों ने जांच की थी. जांच के दौरान मुतवल्ली इरशाद से पूछा गया था कि मस्जिद का निर्माण सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की अनुमति से कराया गया है या नहीं. अधिकारियों के मुताबिक, इसके समर्थन में कोई अनुमति पत्र या प्रमाण नहीं दिखाया जा सका.

6/7
इसके बाद वक्फ अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट तैयार करके उच्च अधिकारियों को भेज दी थी. रिपोर्ट में अनुमति का प्रमाण पत्र नहीं मिलने की बात दर्ज की गई थी. इसी रिपोर्ट के आधार पर अब प्रशासन ने मस्जिद के निर्माण को हटाने की कार्रवाई की तैयारी की है.

7/7
कार्रवाई से पहले मस्जिद के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है. मस्जिद के अंदर मौजूद सामान और टीन शेड से बने हिस्से को हटाने की तैयारी की गई है.
