Ballia News: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि वितरण, शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दानिश आजाद अंसारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
ADVERTISEMENT
डीबीटी के जरिए छात्रों को मिली सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. जिलाधिकारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर स्वागत किया. राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग और स्टेशनरी के लिए ₹1,200 की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है.
12 लाख शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके आश्रितों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है. वहीं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षकों के हितों और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने इसे शिक्षकों के लिए बड़ी राहत देने वाली योजना बताया.
20 शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड
कार्यक्रम के दौरान 20 शिक्षकों को ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए. इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाणपत्र, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट तथा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए.
स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, संविदा कर्मी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT











