Ballia Crime News: बलिया जिले में 16 वर्षीय किशोर समीर पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जलालपुर निवासी समीर का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है. दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच मामले की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT
धमकी भरे फोन के बाद मिला शव
मृतक के पिता संजय किशोर के अनुसार, समीर अपने मोहल्ले के दो युवकों के साथ किसी काम से चित्तबड़ागांव गया था. दोपहर करीब 2:30 बजे उन्हें तेज प्रकाश गुप्ता नामक व्यक्ति का फोन आया. कॉल करने वाले ने समीर पर अपनी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनके पास है. पिता का आरोप है कि फोन पर बेटे को लेकर धमकी भी दी गई.
वायरल ऑडियो से बढ़ी शंका
परिजनों के मुताबिक, एक कथित ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें समीर के साथ मारपीट और उसे रेलवे ट्रैक पर डालने जैसी बातें सुनाई देने का दावा किया जा रहा है. पिता का कहना है कि उन्होंने फोन पर आरोपियों से बेटे को छोड़ने की अपील की थी और केवल डांट-फटकार कर छोड़ देने की बात कही थी. कुछ देर बाद समीर का शव किरिमद्दीनपुर और चित्तबड़ागांव रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर मिला.
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
मृतक के पिता ने तेज प्रकाश गुप्ता, अभिषेक और शिवम पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले समीर के साथ मारपीट की और बाद में हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि घटना आत्महत्या या हादसा प्रतीत हो.
पुलिस जांच जारी
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
ADVERTISEMENT











