Ballia News: झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है. बलिया के फेफना विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक संग्राम सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
ADVERTISEMENT
सपा विधायक संग्राम सिंह यादव और समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सांसद ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर अखिलेश यादव के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय गरिमा को ठेस पहुंची है.
कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट और आंदोलन का रास्ता
सपा नेताओं ने कहा कि सांसद के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए. युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) के तहत न्यायालय का रुख करेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन भी करेंगे.
सांसद पर लगाए गंभीर आरोप
अरविंद गिरी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि निशिकांत दुबे की टिप्पणी केवल अखिलेश यादव के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की भावना के भी विपरीत है. उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
सपा विधायक संग्राम सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले से संबंधित तहरीर और उपलब्ध साक्ष्य पुलिस अधीक्षक को सौंप दिए हैं. एसपी ने शिकायत पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. अब इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.
ADVERTISEMENT











