Ballia News: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बलिया में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

Newzo

• 12:38 PM • 21 Jul 2026

Ballia Student Protest: दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बलिया में छात्रों ने प्रदर्शन किया. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने की कोशिश के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई. चक्का जाम के प्रयास पर छात्र नेता प्रवीण सिंह को हिरासत में लिया गया, जबकि प्रदर्शन कुछ देर तक जारी रहा.

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बलिया में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बलिया में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

Google CTA

Ballia News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को बलिया में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. छात्र नेता प्रवीण सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र कोतवाली क्षेत्र स्थित टीडी कॉलेज चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते  उनके इस्तीफे की मांग की.

यह भी पढ़ें...

पुतला दहन के दौरान पुलिस और छात्रों में खींचतान 

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने का प्रयास किया.  सूचना पर मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिसका छात्रों ने विरोध किया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और खींचतान हुई.  धक्का-मुक्की के बीच कुछ छात्र जमीन पर भी गिर पड़े. काफी देर तक चले विवाद के बाद पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेकर उसे नष्ट कर दिया.

चक्का जाम की कोशिश, छात्र नेता हिरासत में 

पुतला छीने जाने से नाराज छात्रों ने टीडी कॉलेज चौराहे पर चक्का जाम करने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की हुई. पुलिस ने छात्र नेता प्रवीण सिंह को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया. गिरफ्तारी के दौरान भी छात्र शिक्षा मंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे.

छात्रों ने जताया विरोध 

प्रवीण सिंह को हिरासत में लिए जाने के बाद भी अन्य छात्र चौराहे पर डटे रहे और प्रदर्शन जारी रखा. छात्रों ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि वे दिल्ली में छात्रों के साथ हुई घटना के विरोध में आंदोलन जारी रखेंगे. कुछ देर तक टीडी कॉलेज चौराहे पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा. 

हिरासत में छात्र नेता का बयान 

पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद छात्र नेता प्रवीण सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस शक्ति का दुरुपयोग कर रही है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई के खिलाफ युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.

हालांकि, दिल्ली में कथित लाठीचार्ज और बलिया में हुई घटनाओं को लेकर संबंधित प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.