Saharanpur News: आगामी 30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले श्रावण मास कांवड़ मेले को लेकर सहारनपुर कलाकार एसोसिएशन (रजि.) ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की मांग की. संगठन ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है, इसलिए मेले में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी गतिविधि पर रोक लगाई जाए.
ADVERTISEMENT
ज्ञापन में एसोसिएशन ने डीजे पर बजने वाले अश्लील और अभद्र भजनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की. साथ ही कहा कि कांवड़ मेले में निकलने वाली सभी झांकियां धार्मिक गरिमा और मर्यादा के अनुरूप हों.
संगठन ने विशेष रूप से मांग की कि बाहर से आने वाली झांकियों में भगवान का स्वरूप धारण करने वाले कलाकारों से जमीन पर नृत्य न कराया जाए और न ही उन्हें पैदल चलाया जाए. यदि कोई झांकी आयोजक ऐसा करता है तो उसकी झांकी को तत्काल बंद कराया जाए. इसके अलावा सनातन धर्म, देवी-देवताओं और धार्मिक आस्था का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई.
कलाकार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि वर्ष 2026 के कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, भव्य और सफल बनाने में संगठन प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा. संस्था ने कहा कि यदि कोई कलाकार या झांकी आयोजक धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन करता है तो एसोसिएशन स्वयं भी ऐसे कार्यक्रमों को बंद कराने में प्रशासन का सहयोग करेगी.
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ मेले के दौरान इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षित रहे और धार्मिक आयोजन की गरिमा बनी रहे.
ADVERTISEMENT











