Saharanpur News: आगामी त्योहारों और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जिलेभर में सघन पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
पुलिस की टीमें प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर लगातार पैदल गश्त कर रही हैं. अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है.
पुलिस अधिकारी आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की जा रही है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
कांवड़ यात्रा को लेकर भी पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है. वरिष्ठ अधिकारी लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं. यात्रा मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
इसके अलावा थाना स्तर पर डीजे संचालकों, आयोजन समितियों और स्थानीय लोगों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा त्योहारों और कांवड़ यात्रा के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
ADVERTISEMENT











