Saharanpur Murder Case: थाना सरसावा पुलिस ने विपिन हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की मार्कशीट, आधार कार्ड तथा हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद किया है.प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश सामने आई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को कुतुबपुर निवासी बृजपाल ने अपने पुत्र विपिन की हत्या किए जाने की तहरीर दी थी. इस पर थाना सरसावा में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टाबर तिराहे के पास से कुतुबपुर निवासी मोबिन और शामली के जंधेड़ी निवासी रहमान को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में मुख्य आरोपी मोबिन ने बताया कि विपिन उसका दोस्त था और वह अक्सर उसे अपनी रिश्तेदारी में लेकर जाता था. इसी दौरान विपिन की मोबिन की मौसी की बेटी से दोस्ती हो गई. मोबिन भी उसी युवती से शादी करना चाहता था और उसने कई बार विपिन को उससे दूरी बनाने की चेतावनी दी थी. बावजूद इसके दोनों के बीच बातचीत जारी रही, जिससे वह नाराज हो गया और उसने हत्या की साजिश रच डाली.
योजना के तहत 17 जुलाई को मोबिन ने विपिन को नशा करने के बहाने बुलाया और रहमान के साथ गन्ने के खेत में ले गया. वहां नशा करने के दौरान युवती को लेकर विवाद हुआ. इसी बीच मोबिन ने गमछे से विपिन का गला घोंट दिया, जबकि रहमान ने उसके पैर पकड़ लिए. हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और रास्ते में मृतक का मोबाइल फोन व अन्य सामान फेंक दिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की विवेचना जारी है.
ADVERTISEMENT











