Saharanpur Civic News: नगर निगम के विकास के दावों के बीच वार्ड संख्या-8 के रमजानपुरा-दराकोटला क्षेत्र की तस्वीरें हकीकत बयां कर रही हैं. करीब 250 घरों और लगभग दो हजार की आबादी वाला यह इलाका आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है. क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उनसे नियमित रूप से हाउस टैक्स और पानी का बिल वसूला जा रहा है, लेकिन आज तक इलाके में सरकारी पानी की पाइपलाइन तक नहीं बिछाई गई. मजबूरी में लोगों को करीब आधा किलोमीटर दूर से बाल्टियों में पानी भरकर लाना पड़ता है.
ADVERTISEMENT
स्थानीय निवासी सहजदा बेगम ने बताया कि पानी की सुविधा न होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि घर में लगे हैंडपंप का पानी गंदा है, इसलिए पीने और खाना बनाने के लिए उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. जब घर में मेहमान आते हैं तो पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है. बच्चों को बार-बार दूर से पानी लाने के लिए भेजना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में न पानी की टंकी है, न पाइपलाइन और न ही नालियों की व्यवस्था. इसके बावजूद पानी का बिल लगातार भेजा जा रहा है.
क्षेत्र के निवासी अकील अहमद ने बताया कि इलाके में सड़कें भी नहीं बनी हैं. बरसात के दौरान गलियों में पानी भर जाता है, जिससे बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो जाता है. उन्होंने कहा कि यदि किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना हो या किसी आपात स्थिति में वाहन बुलाना पड़े तो काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. उनका कहना है कि बिजली के खंभे न होने के कारण लोगों ने अपने खर्च पर तार खींचकर बिजली की व्यवस्था की है. खुले और झूलते बिजली के तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं.
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि नगर निगम की ओर से पानी का बिल और हाउस टैक्स तो समय पर भेज दिया जाता है, लेकिन बदले में कोई सुविधा नहीं मिलती. लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें जनप्रतिनिधियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
रमजानपुरा-दराकोटला के लोगों ने सहारनपुर नगर निगम, मेयर और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र में सरकारी पानी की पाइपलाइन बिछाई जाए, सड़क और नालियों का निर्माण कराया जाए तथा बिजली के खंभे लगाए जाएं. क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर में रहने के बावजूद वे आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए.
ADVERTISEMENT











