Saharanpur News: जिले के थाना चिलकाना क्षेत्र के ग्राम फिरोजाबाद से सोशल मीडिया पर वायरल हुए 'पलायन' वाले वीडियो ने इलाके में हलचल मचा दी. वीडियो में एक परिवार हाथों में "पलायन" लिखी तख्तियां लेकर गांव छोड़ने की बात कहता दिखाई दिया.
ADVERTISEMENT
मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि गांव निवासी ओम प्रकाश उर्फ नीटू पाल किराए की दुकान में मोबाइल रिपेयरिंग का काम करते हैं. आरोप है कि दुकान मालिक से जुड़े विवाद के चलते मंजूर पुत्र लतीफ (प्रधान पति) और उसके कुछ साथी लगातार दुकान खाली कराने का दबाव बना रहे थे.
पीड़ित का कहना है कि बार-बार की प्रताड़ना और मानसिक दबाव से परेशान होकर उसने अपने परिवार के साथ विरोध जताने के लिए "पलायन" की तख्तियां लेकर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल पीड़ित परिवार से बातचीत की और उनकी शिकायत के आधार पर थाना चिलकाना में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. मामले के मुख्य आरोपी मंजूर पुत्र लतीफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद और संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को सामने लाती है कि यदि किसी व्यक्ति को व्यवसाय करने से रोकने या दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, तो उसका असर केवल रोज़गार पर ही नहीं बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा और सम्मान की भावना पर भी पड़ता है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं.
ADVERTISEMENT











