Saharanpur News: नगर कोतवाली क्षेत्र में रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिक्शे का किराया देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपी ने रिक्शा चालक पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल चालक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय साजिद पुत्र मंजूर अहमद, निवासी दानिश कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है. इस मामले में मृतक के भाई साबिर की तहरीर पर आरोपी दिलशाद पुत्र इलियास, निवासी मोहल्ला इकराम, फतेहशाह मस्जिद के निकट, थाना रामपुर मनिहारान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर बेहट अड्डे के पास से आरोपी दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके विरुद्ध वर्ष 2016 में थाना जनकपुरी में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं. अब उसके खिलाफ रिक्शा चालक की हत्या का नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है.
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित नगर कोतवाली पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.
ADVERTISEMENT











