Saharanpur Mandi Bhav 13th July 2026: सहारनपुर में लगातार हो रही बारिश का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है. बारिश के कारण मंडियों में हरी सब्जियों की आवक कम होने से अधिकांश सब्जियों के दामों में 50 से 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बढ़ती कीमतों ने गृहिणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है.
ADVERTISEMENT
स्थानीय बाजारों में गोभी, टमाटर, भिंडी, मटर और तुरई जैसी सब्जियां पहले की तुलना में काफी महंगी हो गई हैं. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गोभी के दाम में देखने को मिली है, जो पहले 60 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, अब 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. वहीं टमाटर 30 रुपये से बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो, भिंडी 40 से 60 रुपये, प्याज 30 से 40 रुपये, आलू 12 से 16 रुपये, मटर 120 से 160 रुपये और तुरई 40 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है.
सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि लगातार बारिश के चलते खेतों में जलभराव होने से कई फसलें प्रभावित हुई हैं. इसके अलावा बारिश के कारण परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिससे आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से सब्जियों की आपूर्ति कम हो गई है, मांग अधिक और आपूर्ति कम होने के कारण कीमतों में तेजी आई है. प्रियंका गिरी का कहना है कि रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों की कीमतें अचानक बढ़ने से घरेलू बजट बिगड़ गया है. कई परिवार अब महंगी सब्जियों की जगह सस्ती सब्जियां खरीदने या कम मात्रा में खरीदारी करने को मजबूर हैं.
व्यापारियों का मानना है कि यदि बारिश का सिलसिला कुछ दिनों तक और जारी रहा तथा मंडियों में आवक सामान्य नहीं हुई, तो सब्जियों के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में आने वाले दिनों में आम लोगों की रसोई पर महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका है.
ADVERTISEMENT











