Saharanpur Weather Alert 9th July 2026: जिले में देर रात से लगातार हो रही बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई है. सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहने और रुक-रुककर तेज बारिश होने से मौसम पूरी तरह बदल गया. हालांकि बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
नगर निगम ने बारिश को देखते हुए अपने कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा है. सफाई कर्मी लगातार नालियों की सफाई और जल निकासी के कार्य में जुटे हैं, ताकि सड़कों पर जमा पानी को जल्द निकाला जा सके. नगर निगम की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी बनाए हुए हैं.
लगातार बारिश के बीच बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली ट्रिप होने और घंटों तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर दो-दो घंटे तक बिजली गुल रहने की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे घरेलू और व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं.
बारिश का असर नदियों और छोटे नालों पर भी देखने को मिल रहा है. जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. वहीं, लगातार बारिश को देखते हुए जिले के कुछ क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है. राजकीय मौसम वेधशाला के प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि अगले 48 घंटे तक जिले में काले बादल छाए रहने, तेज बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है. उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है. यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है. वहीं किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है, जबकि आमजन को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
ADVERTISEMENT











