Saharanpur News: दिल्ली रोड स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की. कार्यक्रम में बसपा नेता अजब सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए. उनके साथ बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी), बीडीसी सदस्य, युवा और विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा.
ADVERTISEMENT
इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र पर कार्य करती है और हर वर्ग व समाज को साथ लेकर आगे बढ़ रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा.
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जसवंत सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. भाजपा नेता अजीत सिंह राणा सहित अन्य नेताओं ने भी नए सदस्यों का स्वागत किया.
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अजब सिंह ने कहा कि पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी मिलती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर उन्होंने अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है. उन्होंने संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा जताया.
ADVERTISEMENT











