Saharanpur News: मामूली कहासुनी के बाद चली गोलियां, सहारनपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को दो गोलियां लगीं, हायर सेंटर रेफर

Newzo

• 04:27 PM • 07 Jul 2026

Saharanpur Crime News: मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई. सहारनपुर के रायपुर गांव में युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

मामूली कहासुनी के बाद चली गोलियां, सहारनपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को दो गोलियां लगीं, हायर सेंटर रेफर

मामूली कहासुनी के बाद चली गोलियां, सहारनपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को दो गोलियां लगीं, हायर सेंटर रेफर

Google CTA

Saharanpur Crime News: सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र के गांव रायपुर में आज मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. फायरिंग की घटना में कुतुबपुर निवासी आशु गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे दो गोलियां लगने के कारण पहले सरसावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया.
 
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार आशु अपने गांव कुतुबपुर से बाइक पर सवार होकर रायपुर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. फायरिंग में आशु को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

यह भी पढ़ें...

सूचना मिलते ही थाना सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है. फायरिंग की घटना के बाद गांव रायपुर और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
 
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अभी तक घटना के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घायल आशु की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज हायर सेंटर में जारी है