सहारनपुर में छुटमलपुर कस्बे की हरिजन कॉलोनी में 35 साल की महिला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान मीनू पत्नी सनी सैनी के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का आरोप महिला के पति पर सामने आया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
ADVERTISEMENT
मायके में रह रही थी महिला
पुलिस के अनुसार मीनू पिछले 10 से 20 दिनों से अपने मायके छुटमलपुर में रह रही थी. पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. बुधवार सुबह पति सनी सैनी मायके पहुंचा. आरोप है कि दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
भाई ने क्या लगाए आरोप?
मृतका के भाई सोनू कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी करीब 14 वर्ष पहले रजापुर निवासी सनी सैनी से हुई थी. दोनों के चार बच्चे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी शराब पीने को लेकर अक्सर बहन के साथ झगड़ा करता था. घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. उनके मुताबिक, आरोपी पहले घर में घुसा, हाथापाई की और फिर अंदर से दरवाजा बंद कर चाकू से मीनू की हत्या कर दी. परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है.
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे महिला की हत्या की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें सामने आया कि मीनू की हत्या उसके पति सनी सैनी द्वारा किए जाने के तथ्य सामने आए हैं.
उन्होंने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है.
ADVERTISEMENT











