आरक्षण हटाओ आंदोलन करने वाले प्रदर्शनकारियों से लखनऊ में मिले डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, दो दिन बाद क्या होगा?

यूपी तक

• 04:25 PM • 22 Aug 2026

दिल्ली जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग कर रहे छात्रों ने लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात की. सरकार ने छात्रों की मांगें केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने और दो दिन में केंद्रीय मंत्री से बैठक कराने का भरोसा दिया.

Brajesh Pathak Meet Harsh Dubey

Brajesh Pathak Meet Harsh Dubey

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सिस्टम में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से लखनऊ में मुलाकात की. हजरतगंज में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों और चिंताओं को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा.

यह भी पढ़ें...

दो दिन बाद दिल्ली में होगी केंद्रीय मंत्री से बैठक

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि आंदोलनकारी छात्रों का पत्र केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है. केंद्र सरकार की ओर से इस विषय पर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है.

डिप्टी सीएम ने घोषणा की कि आगामी दो दिनों के भीतर दिल्ली में एक केंद्रीय मंत्री के साथ आंदोलनकारी छात्रों की बैठक कराई जाएगी जिसमें उनकी मांगों पर सीधे बातचीत होगी. उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से ले रही है और जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे.

छात्रों ने रखी समान अवसर और सुधार की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन का चेहरा बने हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और शिवा शर्मा भी मौजूद रहे. हर्ष दुबे ने कहा कि छात्र जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से एकत्रित हुए थे और अब उन्हें शासन व प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिला है.

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मौजूदा शिक्षा और आरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव या ऊंच-नीच नहीं होनी चाहिए. छात्रों ने सरकार से सभी विद्यार्थियों को योग्यता के आधार पर समान अवसर और समान व्यवहार प्रदान करने की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने पत्र में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार का मुद्दा भी उठाया.

उपमुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद माना जा रहा है कि आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब संवाद के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

ये भी पढ़ें: आरक्षण हटाओ आंदोलन पर लग गया ब्रेक? प्रोटेस्ट करने वाले हर्ष दुबे ने कर दिया बड़ा ऐलान