'मैंने ही मंदिर के लिए 1.5 करोड़ मंजूर कराए फिर भी पूजा से रोका...' यूपी में भाजपा विधायक के साथ जातिगत भेदभाव?

यूपी तक

• 04:25 PM • 20 Aug 2026

लखनऊ के काकोरी स्थित शीतला माता मंदिर में भाजपा विधायक जय देवी कौशल ने जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया है. विधायक का दावा है कि पासी समाज से होने के कारण उन्हें भूमिपूजन कार्यक्रम में पूजा करने से रोका गया. उन्होंने मामले की शिकायत भाजपा आलाकमान से करने की बात कही है.

UP Tak
Google CTA

लखनऊ: मलिहाबाद से भाजपा विधायक जय देवी कौशल ने काकोरी के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में जातिगत भेदभाव का गंभीर आरोप लगाया है. विधायक का कहना है कि जिस मंदिर के जीर्णोद्धार और कायाकल्प के लिए उन्होंने शासन से लगभग 1.5 करोड़ रुपये का बजट पास कराया, उसी के भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्हें पूजा में बैठने तक नहीं दिया गया.

यह भी पढ़ें...

जय देवी कौशल के अनुसार, पासी समाज से होने की वजह से मंदिर के कुछ लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. वे पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की पत्नी हैं और लखनऊ के मलिहाबाद से विधायक हैं.

'ना नारियल फोड़ने दिया, ना अगरबत्ती जलाने दी'

विधायक ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें केवल खड़ा रखा गया. उन्हें ना तो अगरबत्ती जलाने की अनुमति दी गई और ना ही नारियल फोड़ने दिया गया. पूरी पूजा पंडित जी और अन्य लोगों ने ही की. जब एक स्थानीय व्यक्ति ने आरती करने को कहा तो बात टालते हुए केवल आरती घुमाने को कह दिया गया.

पार्टी आलाकमान से करेंगी शिकायत

जब विधायक से पूछा गया कि क्या उनके साथ जातिगत आधार पर भेदभाव हुआ है, तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसी बात नहीं होती तो उन्हें पूजा करने से क्यों रोका जाता? भेदभाव हुआ है और वह इसकी शिकायत अपनी पार्टी के आलाकमान से करेंगी.

इस घटना के वक्त उनके साथ स्थानीय मंडल अध्यक्ष रविराज लोधी, गोपी, रोहित और कमलेश लोधी समेत कई अन्य लोग भी मौजूद थे. अपने ही प्रयास से बने बजट के बावजूद मंदिर परिसर में हुए इस व्यवहार से विधायक आहत हैं.

ये भी पढ़ें- अगले महीने की 5 तारीख को क्या करने वाली है अखिलेश की पार्टी? सपा प्रमुख ने कर दिया बड़ा ऐलान